पिछोर/ जनपद पंचायत पिछोर परिसर में निर्वाचित जनपद सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 25 में से 14 सदस्यों ने शपथ ली। जबकि 11 सदस्य अनुपस्थित रहे। कार्यक्रम में पिछाेर विधायक केपी सिंह ने जनपद अध्यक्ष रितु कृष्णकांत गुप्ता को शपथ दिलाई। इसके बाद अध्यक्ष रितु गुप्ता ने उपस्थित सभी जनपद सदस्य, सरपंचों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने मंच से संबोधित करते हुए सभी पदाधिकारियों से ईमानदारी से काम करने एवं कमजोर वर्ग, गरीबों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने व नगर गांव के विकास कार्यों में सहयोग देने की बात कही। साथ ही कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त हमारा क्षेत्र होना चाहिए।
पिछोर शपथ ग्रहण शामिल हुए सदस्य।
खनियांधाना में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों ने एक स्वर में ली शपथ
खनियांधाना| जिले की खनियांधाना जनपद पंचायत के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। जिसमें सभी नवनिर्वाचित अध्यक्ष उपाध्यक्ष एवं सदस्यों ने एक साथ एक स्वर में शपथ ली। शपथ ग्रहण के दौरान मंच से जनपद पंचायत उपाध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि खनियांधाना की जनपद पंचायत को भ्रष्टाचार रहित करके मप्र में एक उत्कृष्ट स्थान दिलवाना मेरे 5 वर्ष के कार्यकाल का लक्ष्य रहेगा। मैं किसी भी स्थिति में भ्रष्टाचार नहीं होने दूंगा। यही मेरे राजनीतिक जीवन का उद्देश्य है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे पिछोर विधायक ने कहा कि भ्रष्टाचार इस देश का बहुत बड़ा मुद्दा है। जब सारा सिस्टम ही भ्रष्ट है तो सुधार कैसे होगा। जब सारे लोग इकट्ठे होकर भ्रष्टाचार करते हैं तो कैसे संभव है कि भ्रष्टाचार रुक जाएगा। इस अवसर पर जनपद पंचायत के अध्यक्ष अनीता अरविंद लोधी, उपाध्यक्ष संजय शर्मा, समस्त जनपद पंचायत के सदस्य, मुख्य कार्यपालन अधिकारी राम प्रसाद गांरसिया, कुलदीप सिंह चौहान, सुरेश देव पांडे आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।






Be First to Comment