शिवपुरी. नगर पालिका में तीन दिन बाद अध्यक्ष पद के लिए मतदान होने वाला है, लेकिन अभी तक पार्षदों में एक नाम पर राय नहीं बन पाई है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस संगठन भी नगर पालिका में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने या न लड़ने के मुद्दे पर दो फाड़ हो गया है। इसी के चलते शनिवार को कांग्रेस संगठन के पदाधिकारियों की भी बैठक हुई, लेकिन फिलहाल कोई सहमती नहीं बन पाई। दूसरी ओर शनिवार को कांग्रेस के करीब आधा दर्जन पार्षदों के राजनीतिक तीर्थ पर जाने की चर्चा भी शहर में जोरों पर रही।
उल्लेखनीय है कि भाजपा से अध्यक्ष पद के लिए दीप्ती भानु दुबे के अलावा सरोज रामजी व्यास भी ताल ठोक रहे हैं। 3 अगस्त को मतदान होना है और अब सिर्फ तीन दिन शेष बचे हुए हैं, लेकिन अब तक भाजपा में किसी भी एक नाम पर सहमती नहीं बन पाई है। क्षेत्रीय विधायक व मंत्री यशोधरा राजे जहां दीप्ती भानु दुबे को अध्यक्ष पद का दावेदार बनाना चाह रही हैं। वहीं दूसरी ओर दूसरे धड़े के कुछ नेता सरोज रामजी व्यास के नाम पर अड़े हुए हैं। ऐसे हालातों में अभी तक भाजपा संगठन किसी एक नाम पर अब तक सहमति नहीं बना पाया है। यदि कांग्रेस की करें तो कांग्रेस संगठन द्वारा भाजपा के लिए खुला मैदान छोड़ने की बात पर संगठन दो फाड़ हो गया है। एक ओर अध्यक्ष जहां कम पार्षद होने के कारण चुनाव मैदान में प्रत्याशी उतारने के पक्ष में नहीं हैं तो दूसरे पदाधिकारी चाहते हैं कि चुनाव मैदान में प्रत्याशी तो उतारा ही जाए।, हार के डर से मैदान छोड़कर थोड़े ही भागेंगे। चुनाव में प्रत्याशी उतारने को लेकर शनिवार को कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक गांधी आश्रम में हुई।
भाजपा संगठन को दर्ज कराई भितरघात की शिकायत
भाजपा संगठन में चुनाव से पहले काफी गहमागहमी की स्थिती है। जो प्रत्याशी चुनाव हार गए हैं या फिर काफी जद्दोजहद के बाद चुनाव जीते हैं उन लोगों ने भाजपा संगठन को लिखित में भितरघात को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि करीब 14 लोगों ने शिकायत की है।
कांग्रेस के आधा दर्जन पार्षद यात्रा पर
भाजपा के पार्षदों के गुजरात का विकास माडल देखने के लिए यात्रा करने की बात तो जगजाहिर है, लेकिन अब कांग्रेस के आधा दर्जन पार्षद भी किसी यात्रा पर निकल गए हैं। फिलहाल कोई इस यात्रा की जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं हो रहा है, परंतु तैयारी पूरी की जा रही है। राजनैतिक हल्कों के सूत्र भी इस बात की दबे स्वर में पुष्टि की है कि कांग्रेस के पार्षद भी फिलहाल यात्रा का सुख भोग रहे हैं। यह यात्रा कितनी लंबी है, इसकी जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं हो सकी है।
इनका कहना है
आज हमारी पार्टी के पदाधिकारियों की बैठक चुनाव के संबंध में हुई थी। फिलहाल न तो किसी पार्षद ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है और न ही पार्टी के इतने पार्षद हैं कि चुनाव लड़ा जाए। ऐसे में फिलहाल कोई निर्णय नहीं हुआ है।श्रीप्रकाश शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष
हारने के बाद लोग अपने-अपने हार के कारणों के संबंध में बताते हैं। श्किायतों की जांच कराएंगे। रही बात एक नाम पर सहमती की तो फिलहाल सब अपनी अपनी दावेदारी कर रहे हैं, लेकिन जैसे ही संगठन एक नाम दे देगा वैसे ही सभी पार्षद एक राय हो जाएंगे।
राजू बाथम भाजपा जिलाध्यक्ष






Be First to Comment