-पूर्व मंत्री केपी सिंह ने पत्रकारवार्ता में स्वीकार किया कि उन्हें जनादेश नहीं मिला, धनबल से जीता भाजपा ने नपा पार्षदों का चुनाव
शिवपुरी । पत्रकारवार्ता में आज पूर्व मंत्री केपी सिंह ने संकेत दिया कि नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव से कांग्रेस दूर रहेगी। उन्होंने कहा कि जनता ने जब हमेें जनादेश नहीं दिया, तो अध्यक्ष का चुनाव लडऩे का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत, जनपद पंचायत सहित नगर पालिका पार्षदों के चुनाव में भाजपा ने धन बल का उपयोग कर बहुमत प्राप्त किया है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार आना निश्चित है। पत्रकारवार्ता में कांग्रेस के 10 पार्षद मौजूद रहे।
मीडिया से चर्चा करते हुए केपी सिंह ने इस बात पर चिंता जाहिर की कि नगर पालिका, जिला पंचायत और जनपद पंचायत के चुनावों में इस बार धन बल का बहुत उपयोग हुआ है। धन बल के सहारे चुनाव जीते गए हैं और इस तरह की जीत जनता की इच्छा का प्रतिनिधित्व नहीं करती। उन्होंने कहा कि नगर पालिका और नगर परिषद के चुनाव भी सीधे मतदाताओं द्वारा होने चाहिए थे। जब उनसे पत्रकारों ने कहा कि अप्रत्यक्ष चुनाव के लिए अध्यादेश तो कांग्रेस ही लाई थी, तो उन्होंने यह कहकर पल्ला झाडने की कोशिश की कि उस समय परिस्थिति अलग थी। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस अपने पार्षदों को फ्री हेंड देगी और उन्हें स्वतंत्र छोडेगी कि वह अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में जिसे ठीक समझते हैं, उसका समर्थन करें।






Be First to Comment