शिवपुरी को नगर निगम बनाने गठित की कमेटी, शहरी सीमाओं का होगा विस्तार / Shivpuri News

शिवपुरी। शिवपुरी नगर पालिका को नगर निमग बनाने के लिए अब एक बार फिर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार नगर पालिका की आबादी 179,977 जो अब बढ़कर ढ़ाई लाख से अधिक हो गई है। इतनी आबादी को सुविधाएं देने में नगर पालिका का बजट कम पड़ने लगा है। लगातार बढ़ रही आबादी को समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अब नगर पालिका को नगर निगम बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीएम गणेश जायसवाल ने कमेटी भी गठित कर दी है। इसमें नगर पालिका सीएमओ, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक के साथ डाटा संग्रहित करने के लिए विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। समिति इस बात का अध्ययन कर रही है कि नगर निगम की पांच लाख आबादी की शर्त को पूरा करने के लिए नगर पालिका की सीमाओं को कितना विस्तार देना होगा। इसके लिए शहरी सीमाओं को चारों दिशाओं में बढ़ाना होगा। इसके लिए योजना है कि शहर को उत्तर में सतनवाड़ा के पहले तक, दक्षिण में सेसई सड़क के पहले तक, पश्चिम में सिंहनिवास और पूर्व में सुरवाया के पहले तक विस्तार दिया जाए। प्रस्ताव तैयार करने के बाद शासन को भेजा जाएगा। यदि यह प्रस्ताव स्वीकृत हुआ तो फिर ननि बनने से अभी नगर पालिका को मिलने वाला 100 करोड़ का बजट भी बढ़कर 2 हजार करोड़ का हो जाएगा