शिवपुरी। तेज गर्मी की तपन अब पति-पत्नी के रिश्तों पर भी पड़ रही है। तेज धूप में पति ने पत्नी को निकलने की मना किया तो वह इतनी खफा हो गई कि उसने कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। जिसे उपचार के लिए शिवपुरी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पिछोर के बाचनोर के रहने वाले रामेश्वर लोधी ने बताया कि उसकी पत्नी नीरज लोधी उम्र 30 वर्ष ने कीटनाशक दवा पी ली है। जिससे उसकी एकाएक तबीयत खराब होने लगी।
आनन-फानन में उसे शिवपुरी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। 30 वर्षीय महिला नीरज लोधी के पति रामेश्वर लोधी ने बताया कि तेज गर्मी पड़ रही है और उसकी पत्नी तेज धूप में घर से पास ही में बने दूसरे घर के लिए निकल जाती थी। तेज गर्मी को और चिलचिलाती धूप को देखते हुए उसने अपनी पत्नी को दोपहर के समय घर से निकलने से मना किया था। इसी बात से वह नाराज हो गई और जब वह अपने वाहन को खड़ा करने गया। इस दौरान उसने घर में रखी कीटनाशक दवा को पी लिया। जिससे उसकी एकाएक तबियत बिगड़ गई। जिला अस्पताल में लाकर उसे भर्ती कराया है।






Be First to Comment