कोलारस/ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भड़ौता में गत दिनों पेड़ पर मिले शव के मामले में पुलिस ने अज्ञात पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया। जांच के दौरान यह सामने आया था कि मृतक ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसकी हत्या की गई है। पीएम रिपोर्ट के साथ मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस इस नतीजे पर पहुंची है। इसके बाद जो हत्या की एफआइआर दर्ज की गई है उसमें मोहन गिरी नाम के शख्स के साथ मृतक हरभजन की रंजिश का भी उल्लेख है। हालांकि अभी रिपोर्ट में किसी को नामजद नहीं किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 अप्रैल को भडौता चक कच्चा रोड पुलिया के पास खंती में पेड़ पर हरभजन का शव लटका हुआ मिला था। जब घटना स्थल की जांच की गई तो प्रथम दृष्टया ही मामला संदिग्ध लग रहा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर इसकी जांच शुरू की। मृतक के घटना स्थल के पास बटन टूटे हुए डले थे, उसके ईयरफोन व साइकल की चाबी भी दूर पड़ी हुई थी। जबकि उसकी साइकल घटना स्थल से करीब एक किमी दूर मिली थी। यह सारी बातें हत्या की ओर इंगित कर रही थीं। पीएम रिपोर्ट आने पर इसकी पुष्टि हो गई। स्वजन जानकी व रामभजन के कथनों के अनुसार हरभजन बंटी सेठ के यहां नौकरी करता था। उसी सेठ के यहां पर मोहन गिरी भी काम करता था। मोहन गिरी को चोरी करते हुए हरभजन ने देख लिया था और सेठ से इसकी शिकायत भी की थी। इसके बाद से मोहन गिरी और हरभजन में रंजिश थी।






Be First to Comment