शिवपुरी। शासकीय श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एक माह पूर्व किए गए औचक निरीक्षण में प्रोफेसर्स सहित 79 लोगों का स्टाफ अनुपस्थित मिला था। अनुपस्थित लोगों द्वारा कारण बताओ नोटिस का जबाब देने के उपरांत कलेक्टर कार्यालय ने महाविद्यालय के प्राचार्य को आदेश दिए हैं कि 16 मार्च को कॉलेज का अकार्य दिवस माना जाए और उस दिन अनुपस्थित व देर से आने वाले कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटा जाए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 मार्च को कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर शिवांगी अग्रवाल ने शासकीय श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान उन्हें कॉलेज में तमाम अव्यवस्थाओं के साथ-साथ 79 प्रोफेसर, सहायक प्रोफेसर, तृतीय श्रेणी, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सभी कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। एससीएन के जबाब में अधिकतर ने यह कहा कि वह 10ः30 से 10ः45 बजे के बीच कॉलेज पहुंच गए थे। वहीं दूसरी ओर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. महेंद्र कुमार ने एक पत्र के माध्यम से 4 अप्रैल 2022 को कलेक्टर कार्यालय को अवगत कराया कि उनके कॉलेज का शैक्षणिक समय सुबह 10 से शाम 4 बजे तक का है। सभी जबाबों और कॉलेज से प्राप्त पत्र पर विचारण उपरांत कलेक्टर कार्यालय ने 19 अप्रैल को एक पत्र महाविद्यालय को लिखा जिसमें उल्लेख किया गया है कि 16 माच को कॉलेज का अकार्य दिवस माना जाए और उस दिन अनुपस्थित व देर से आने वाले कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटा जाए।
आदेश आया है, अभी हम अपनी बात रखेंगे
इस मामले में जब कॉलेज प्राचार्य प्रो. महेंन्द्र कुमार से बात की गई तो उनका कहना था कि अभी कलेक्टर कार्यालय से वेतन काटने के संबंध में आदेश आया है। अभी हमने किसी का वेतन नहीं काटा है, फिलहाल हम कलेक्टर के समक्ष अपनी बात भी रखेंगे। इसके बाद इस आदेश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






Be First to Comment