बदरवास। बदरवास स्वास्थ्य केंद्र अंतर्गत आने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र माढ़ा गणेशखेड़ा पर पदस्थ सीएचओ (कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर) ने अत्यधिक मात्रा में ओफ्लोक्सासिन की गोलियां खा लीं। गोलियां खाने से सीएचओ की हालत बिगड़ गई और उसे कोलारस स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया गया। देर शाम तक सीएचओ पूरी तरह से होश में नहीं आई थी और उसे घबराहट के साथ-साथ उल्टियां भी हो रहीं थीं। डॉक्टरों ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है।
डॉ. विवेक शर्मा के अनुसार उप स्वास्थ्य केंद्र माढ़ा गणेशखेड़ा पर एकता दंतोरिया सीएचओ के रूप में पदस्थ है। वह कोलारस में किराये के कमरे में रहती है और रोजाना स्वास्थ्य केंद्र पर अप-डाउन करती है। इसी क्रम में रविवार को वह अपने कमरे पर ही थी तभी उसने सुबह 10 बजे ओफ्लोक्सासिन की गोलियां खा लीं। दोपहर दो बजे उसके साथियों को जब इस बात की जानकारी लगी तो वह उसे अस्पताल लेकर आए। डॉक्टर के अनुसार उन्होंने जब सीएचओ से गोलियां खाने का कारण पूछा तो उसने कारण नहीं बताते हुए सिर्फ इतना बताया कि उसने गोली व्यक्तिगत कारणों से खाई हैं। डॉ विवेक के अनुसार उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है। वहीं दूसरी ओर विभाग से जुड़े विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो एकता पिछले कुछ समय से वर्क प्रेशर को लेकर परेशान थी और यह भी एक कारण हो सकता है। सीएचओ ने फिलहाल कोई भी बयान देने की हालत में नहीं होने के कारण उसने सिर्फ इतना बताया है कि उसने व्यक्तिगत कारणों से गोली खाई हैं। ऐसे में जब वह पूरी तरह से होश में आ जाएगी तभी इस बात का खुलासा हो पाएगा कि सीएचओ ने गोली क्यों खाईं। डॉ विवेक शर्मा के अनुसार मामले की जानकारी पुलिस और सीएचओ के स्वजनों को दे दी गई है।




