आंगन में सोते रहे परिजन, उधर चोरों ने दीवार तोड़कर कर दिया घर साफ / Pohari News

पोहरी। खबर पोहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले गडरिया मोहल्ला से है। जहां बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।चोरों ने एक कमरे के पीछे की दीवार गेंती और सब्बल से तोड़कर बक्से और अलमारी में रखे सोने चांदी के गहने और ₹70000 पर हाथ साफ कर दिया। घर में जिस समय चोरी की वारदात हुई उस समय परिजन आंगन में खटिया बिछा कर सो रहे थे। सुबह सो कर उठे तो कमरे में सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था जिसके बाद चोरी की घटना का पता चला। पीड़ित टुंडा पुत्र बद्री पाल ने बताया कि चोर ₹70000 नगदी चांदी की पायल,कड़े सोने की नथ बेंदा और मंगलसूत्र सहित करीब ₹300000 का सामान चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पोहरी थाना पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस को मौके पर ही एक गेंती और सब्बल पड़ा मिला जिस से चोरों ने दीवार तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।