शिवपुरी। अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे सफाईकर्मियों ने शनिवार को नगर पालिका प्रांगण में टेंट गाढ़ दिया है। हड़तालियों ने अन्य नगर पालिका के कर्मचारियों से भी अनुरोध किया है कि वह कर्मचारी हित में हड़ताल को समर्थन दें और कार्य न करें। हड़ताल के दौरान नगर पालिका परिसर में सफाईकर्मियों के नेता कमल किशोर कोड़े और संतोष कोड़े ने यह एलान किया कि हमारी एकजुटता ही हमारी शक्ति है। हम अपना हक लेकर रहेंगे। जब तक हमें हमारा हक नहीं मिलता तब तक हम विरोध में हड़ताल करते रहेंगे। नेताओं ने सफाईकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ मांगे तो ऐसी हैं जिनका तत्काल निराकरण संभव है, लेकिन वह आज भी लंबित हैं। सफाईकर्मियों की हड़ताल को लेकर सीएमओ शैलेष अवस्थी ने कहा कि सफाईकर्मी हमारे नगर पालिका परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। हम जल्द ही मिल बैठकर उनकी मांगों का न्यायोचित निराकरण करेंगे। उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि जब हम लोग बैठकर लंबी चर्चा किए थे तब बहुत हद तक सहमति बन गई थी। लेटर भी टाइप होने लगा था, पता नहीं अचानक कैसे हड़ताल की घोषणा हो गई। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि जल्द ही हम सौहार्दपूर्ण वार्तालाप करके सार्थक नतीजे पर पहुंच जाएंगे।






Be First to Comment