,

चार महीने से कब्जे में था 12 फीट चौड़ा आम रास्ता, तहसीलदार ने JCB चलाकर खुलवाया / Shivpuri News

शिवपुरी। नरवर तहसील के ग्राम धमधोली में ग्रामीणों के लिए करीब चार महीने से बंद पड़े आम रास्ते को तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर JCB की मदद से खुलवा दिया। करीब आधा किलोमीटर लंबा और 12 फीट चौड़ा यह रास्ता गांव के कुछ लोगों द्वारा कब्जे में लेकर खेती के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।

ग्रामीणों ने रास्ता खुलवाने को लेकर कलेक्टर से शिकायत की थी। शिकायत के बाद नरवर तहसीलदार मौके पर पहुंचे और राजस्व नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए रास्ते से अतिक्रमण हटवाकर उसे आवागमन के लिए खोल दिया।

रास्ता बंद होने से ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों को भी आने-जाने में परेशानी हो रही थी। वहीं गर्भवती महिलाओं और मरीजों को गांव से बाहर ले जाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। रास्ता खुलने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।