आदित्यनाथ ने बुधवार को पूर्ववर्ती सपा सरकार को निशाने पर लिया। कहा कि
सड़क पर ईद की नमाज नहीं रोक सकते तो थानों, पुलिस लाइन में श्रीकृष्ण
जन्माष्टमी मनाने पर रोक लगाने का हक नहीं है। यदुवंशी कहलाने वालों ने
थानों पर पुलिस लाइन में जन्माष्टमी के आयोजनों पर रोक लगा दी थी।
कन्वेंशन सेंटर में लखनऊ जनसंचार एवं पत्रकारिता संस्थान व प्रेरणा जनसंचार
नोएडा की ओर से दूरस्थ शिक्षा पर प्रबोधन व केशव संवाद पत्रिका के
विशेषांक अंत्योदय की ओर के लोकार्पण कार्यक्रम में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि अंत्योदय के लिए पंडित दीन दयाल उपाध्याय ने पांच दशक पहले
जिन मूल्यों व मुद्दों को सामने रखा, देश व प्रदेश सरकार उनका अनुसरण करते
हुए मजबूती से आगे बढ़ रही है। अंत्योदय देश, दुनिया की चुनौतियों से
जुड़ा ऐसा मुद्दा है जो हर देश, काल और परिस्थिति में शाश्वत है।
पंडित दीनदयाल ने उस समय अंत्योदय और एकात्म मानववाद का विचार दिया जब
साम्यवाद, समाजवाद और पूंजीवाद के त्रिशंकु में बुद्धिजीवी झूलते दिख रहे
थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जन-धन योजना में अंतिम पायदान पर खड़े
लोगों के बैंक खाते इसीलिए खुलवाए क्योंकि उनके पास पंडित दीनदयाल की
अंत्योदय की सोच थी।
दीनदयाल कहते थे कि जो प्राचीन है, उसे युगानुकूल बनाओ और जो अर्वाचीन है
उसे देश के अनुकूल बनाओ। गरीबों के जन-धन खाते न खुले होते तो प्रधानमंत्री
आवास योजना के चेक सीधे उनके खातों में नहीं पहुंचते। उनसे पैसों का
लेन-देन होता। हमने प्राचीन व्यवस्था को युगानुकूल बनाया।





Be First to Comment