शिवपुरी। आठ माह पहले सेंट बेनेडिक्ट स्कूल में स्कूल बस से कुचलकर घायल हुए बच्चे अंशदीप यादव के माता-पिता को कलेक्टर तरूण राठी ने 2 लाख रुपए का चेक स्कूल प्रबंधन से दिलवा दिया है। कलेक्टर के दबाव के चलते स्कूल प्रबंधन को एक बार फिर से झ़ुकना पड़ा और शुक्रवार को कलेक्टर ने परिजन को बुलाकर स्कूल प्रबंधन से राशि दिलवा दी। इससे अलावा 13 नवंबर को इसी
स्कूल परिसर के भीतर अन्य छात्र सार्थिक चौहान को भी स्कूल बस ने कुचल दिया था। इस हादसे में घायल बच्चे को प्लास्टिक सर्जरी के लिए ग्वालियर से दिल्ली रैफर कर दिया गया था। कलेक्टर के निर्देश पर स्कूल प्रबंधन ने सार्थिक को दो लाख रुपए की मदद की है। इधर शुक्रवार को अंशदीप के परिजनों को भी 2 लाख रुपए मिल गए। 11 मार्च 2017 को अंशदीप को भी स्कूल परिसर में ही सेंट बनेडिक्ट स्कूल की बस ने कुचल दिया था। इसके बाद अंशदीप के माता-पिता उसे तुरंत उपचार के लिए इंदौर लेकर चले गए थे। लेकिन जब वे लौट कर आए तो स्कूल प्रबंधन ने पैसे देने से इंकार कर दिया था। जिले में ये इस तरह का पहला मामला है, जब किसी स्कूल ने हादसे के बाद हादसे की नैतिक जिम्मेदारी ली है। कलेक्टर तरुण राठी का कहना है कि ये अब एक नियम बन गया है। इस तरह के मामलों में स्कूल प्रबंधन को पैसा खर्च करना ही होगा। कलेक्टर द्वारा चैक देते समय डीपीसी शिरोमणी दुबे सहित बीआरसीसी अंगद सिंह तोमर भी मौजूद रहे।






Be First to Comment