शिवपुरी। विधानसभा कोलारस के उप चुनाव में कोलारस विधानसभा में निवासरत 25 हजार कुशवाहों को कोई नजर अंदाज नहीं कर सकता और कुशवाह समाज अपनी यह ताकत आने वाले उप-चुनाव में दिखाकर सभी दलों को अपनी शक्ति का आभास कराएगा। उक्त बात कही कुशवाह समाज के जिलाध्यक्ष अजय सिंह कुशवाह ने जिन्होंने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कुशवाह समाज की एकजुटता पर बल दिया और कुशवाह से संगठित होकर समाज की ताकत में शामिल होने की अपील की। कुशवाह समाज के जिलाध्यक्ष अजय सिंह कुशवाह ने जारी प्रेस बयान में बताया कि कोलारस में उप-चुनाव को लेकर कुशवाह समाज को भले ही राजनैतिक दल दूरी बनाए लेकिन आज भी कुशवाह समाज यह माद्दा रखता है कि वह विधानसभा क्षेत्र में एकजुटता के बल पर अपना प्रतिनिधित्व ला सकता है। उन्होने बताया कि कुशवाह समाज कोलारस में 25 हजार की बहुतायत संख्या में निवासरत है और आने वाले चुनाव में कुशवाह समाज किसी भी दल की ऐतिहासिक जीत में निर्णय की भूमिका निभा सकता है। इस संबंध में शीघ्र ही समाज की आवश्यक बैठक का आयोजन किया जाएगा और इसमें समाज विकास को लेकर पहले राजनैतिक दलों से बात होगी यदि सहमति नहीं बनती है तो कोलारस विधानसभा उप चुनाव में कुशवाह भी अपना प्रतिनिधित्व उतारकर इस चुनाव में समाज की अहम भूमिका निभाएगा।



