
शिवपुरी। शिवपुरी जिले के 08 ग्राम धूंआ रहित होने पर ग्राम स्वराज अभियान
के तहत 20 अप्रैल को उज्ज्वला चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इन चौपालों के माध्यम से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की जानकारी देने के साथ-साथ योजनाओं के तहत लाभांवित हितग्राहियों को आमंत्रित कर योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में चर्चा की जाएगी। योजना के तहत नए पात्र हितग्राहियों को गैस कनेक्शन दिए जाने हेतु आवेदन पूर्ण कराए जाएगें।
कलेक्टर तरूण राठी ने उक्त आशय की जानकारी आज जिलाधीश कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित ग्राम स्वराज अभियान के तहत संचालित गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा बैठक में दी। बैठक में केन्द्रीय दल में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अरविंद शरण, कृषि मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी श्री शाक्य, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश जैन सहित अग्रणीय बैंक प्रबंधक एम.के.शर्मा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.संजय ऋषिश्वर सहित जिले के सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आदि उपस्थित थे।
कलेक्टर तरूण राठी ने कहा कि शिवपुरी जिले के (शिवपुरी जनपद) ग्राम गूगरीपुरा, भावखेड़ी, (नरवर) ग्राम फूलपुर और सिलरा, (करैरा) ग्राम कलोथरा एवं रहगवां, (कोलारस) ग्राम पनवारी और (खनियांधाना) हिम्मतपुर ग्राम के सभी घरों में घरेलू गैस के उपयोग किए जाने से धूंआ रहित होने के कारण 20 अप्रैल 2018 को सभी ग्रामों में उज्ज्वला ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया है। इस चौपाल के माध्यम से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की जानकारी देने के साथ-साथ योजना के तहत लाभांवित हितग्राहियों से भी योजना के बारे में चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन ग्रामों में जनप्रतिनिधियों सहित खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि इन सभी 08 ग्रामों के नागरिकों को सभी योजनाओं के तहत कवर किया जाएगा।
कलेक्टर श्री राठी ने विद्युत कनेक्शन प्रदाय किए जाने हेतु संचालित प्रधानमंत्री शौभाग्य योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि योजना के तहत इन ग्रामों में बीपीएल परिवारों को नि:शुल्क एवं एपीएल परिवारों को सहशुल्क एलईडी बल्व एवं विद्युत कनेक्शन 28 अप्रैल को समारोह आयोजित कर प्रदाय किए जाएगे। इसकी तैयारी करने के विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित इंद्रधनुष योजना के तहत 08 ग्रामों में सर्वे कर शत-प्रतिशत टीकाकरण का कार्य किया जाएगा। इन ग्रामों में बैंकिग सुविधाओं के लाभ के साथ-साथ जनधन बीमा योजना के तहत ग्रामीणों के बैंक खाते खोलने, प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा बीमा योजना में 12 रूपए वार्षिक प्रीमियम पर 02 लाख का बीमा करने, जीवन ज्योति योजना के तहत 330 रूपए वार्षिक प्रीमियम पर 02 लाख का बीमा कराया जाएगा। इन योजनाओं का गांव के सभी पात्र परिवार लाभ ले सके, इसके लिए लीड बैंक अधिकारी को प्रत्येक गांव के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोजगार सहायकों के माध्यम से इन योजनाओं में हितग्राहियों के आवेदन पूर्ण कराकर बैंकों को भी उपलब्ध कराए। यह कार्य 25 अप्रैल तक पूर्ण कर लिया जाए। किसी प्रकार की समस्या आने पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से चर्चा कर निराकरण की कार्यवाही करें।






Be First to Comment