Press "Enter" to skip to content

पटेल पार्क में रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता 30 को, प्रथम आओ प्रथम पाओ के आधार पर पंजीयन प्रारंभ

शिवपुरी। पटेल नगर पार्क विकास समिति शिवपुरी द्वारा स्कूली बच्चों के लिए रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार 30 जून को किया जा रहा है। प्रतियोगिता दो भागों तथा दो वर्गों में आयोजित की जाएगी। रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता हेतु पंजीयन प्रारंभ कर दिए गए है। सीमित संख्या के कारण प्रथम आओ प्रथम पाओ के आधार पर ही प्रतिभागियों का पंजीयन किया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए पटेल नगर पार्क विकास समिति के रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता के संयोजक अनिल कुमार अग्रवाल ने बताया कि समिति द्वारा बच्चों में स्वस्थ शरीर एवं खेलकूद के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से कई प्रतियोगिताएं एवं कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी के दृष्टिगत गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्कूली बच्चों के लिए रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता शनिवार 30 जून को पटेल नगर पार्क पर आयोजित की जाएगी, जो दो भागों हायपर स्केटिंग तथा सामान्य स्केटिंग के रूप में तथा दो वर्गों बालक एवं बालिका वर्ग में आयोजित की जाएगी। प्रथम वर्ग में सात वर्ष से दस वर्ष तक के बच्चों तथा द्वितीय वर्ग में 11 से 14 वर्ष तक के बच्चों को शामिल किया जाएगा।

प्रतिभागी यहां कराएं अपने पंजीयन

पटेल नगर पार्क विकास समिति की रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता के संयोजक अनिल कुमार अग्रवाल ने बताया कि रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता हेतु पंजीयन प्रारंभ कर दिए गए हैं। प्रतियोगिता हेतु प्रतिभागी अपने पंजीयन पटेल नगर पार्क के संरक्षक अशोक अग्रवाल के निवास पर पंजीयन फार्म भरकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों की सीमित संख्या होने के कारण पंजीयन प्रथम पाओ प्रथम पाओ के आधार पर ही किए जाएंगे। संख्या पूर्ण होने पर पंजीयन बंद कर दिए जाएंगे।

हर वर्ग में प्रतिभागी होंगे पुरस्कृत

उन्होंने बताया कि दोनो ही भागों तथा वर्गों में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र  भी प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले इच्छुक विद्यार्थियों से कहा है कि वे प्रतियोगिता हेतु अपने पंजीयन शीघ्र से शीघ्र पंजीयन स्थल पर कराकर अपनी प्रतिभागिता सुनिश्चित करा लें।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!