बीपीएल राशनकार्ड को भाजपा पार्षद लालजीत ने नपा कर्मचारी को जूतों से पीटा, वीडियो वायरल

शिवपुरी। भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के लिए हमेशा सुर्खियों में रहने वाली नगरपालिका में अव्यवस्थाओं से न केवल जनता, बल्कि जनप्रतिनिधि भी परेशान हैं। हाल ही में नपा कार्यालय के आरआई कक्ष का एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें भाजपा पार्षद लालजीत आदिवासी नगरपालिका के लिपिक राम तोमर पर जूतों की बौछार करते दिखाई दे रहे हैं। नपा कर्मचारी और दिव्यांग पार्षद लालजीत आदिवासी के बीच जमकर गाली गलौंच और झूमाझटकी होते भी इस वीडियो में दिखाई दे रही है। खासबात यह है कि यह सारा हंगामा पुलिस की मौजूदगी में होता दिखाई दे रहा है। इस संबंध में भापा पार्षद लालजीत आदिवासी का कहना था कि उनके वार्ड की एक विधवा महिला शिवकली शाक्य पिछले तीन माह से बीपीएल राशनकार्ड के लिए परेशान थी। इस संबंध में स्थानीय विधायक एवं मंत्री महोदया ने भी आर्थिक सहायता शिवकली को प्रदान करते हुए बीपीएल कार्ड बनाए जाने के निर्देश पिछले दिनों दिए थे। पार्षद का आरोप है कि नपा का बाबू राम तोमर पिछले लंबे समय से शिवकली को परेशान कर र हा था और उसे आये दिन चक्कर लगवा रहा था। उसकी नोटशीट भी पिछले दिनों से लंबित पड़ी है जिसे एसडीएम तक भी नहीं पहुंचाया गया। इसी संबंध में गत रोज जब संबंधित लिपिक से चर्चा की तो वह विवाद पर आमदा हो गया और झूमाझटकी करने लगा। जो वीडियो सामने आया है उसमें लालजीत आदिवासी अपना जूता उतारकर बाबूराम तोमर पर पिलते दिखाई दे रहे हैं। जबकि बाबू भी झड़प पर आमादा हैं। यह वीडियो नपा के आरआरई कक्ष का है जो इन दिनों सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। पार्षद लालजीत आदिवासी का कहना है कि इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से बाबू की शिकायत करेंगे। उधर नपा कर्मचारी के साथ भाजपा पार्षद द्वारा की गई इस दबंगई को लेकर भी कर्मचारी वर्ग में तीखी प्रतिक्रिया सामने आ रही है।