टैक्सी के किराये को लेकर युवक एवं उसके परिजनों पर चलाई लाठियां

शिवपुरी। सिटी कोतवाली अंतर्गत न्यू ब्लॉक स्थित लक्ष्मी निवास के पीछे रविवार की रात 7.30 बजे बाल्मीक और बाथम समाज के दो पक्षों में झगड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि यह विवाद टैक्सी के किराये को लेकर हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो विकास बाल्मिकी टैक्सी चलाता है और बंटी पुत्र करन बाथम उम्र 24 वर्ष निवासी लक्ष्मीनिवास कलारी के पास ने उसकी टैक्सी रास्ते में बैठने के लिए रोकी इसी समय किराये को लेकर उनका झगड़ा हो गया। इसके बाद दोनों अपने-अपने घर आ गए कुछ समय बाद ही विकास बाल्मिकी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बंटी बाथम एवं उसके परिजनों के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद माहौल गरमा गया और दोनों पक्ष के लोग एक-दूसरे को ललकाराते हुए लाठी लेकर घूम रहते दिखे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के एक-डेढ़ घंटे बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और झगड़ा शांत कराया।  बंटी की रिपोर्ट पर से पुलिस ने विकास बाल्मिकी एवं उसके साथी के खिलाफ धारा 294, 323, 506, 34 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।