
शिवपुरी। कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार-रविवार की रात शहर के बीच बाजार स्थित मध्यदेशीय अग्रवाल धर्मशाला के समीप रहने वाले भिंड जज के चाचा, कपड़ा व्यवसाई जैन के घर पर दो बदमाशों ने रात 3:30 बजे धावा बोला और 4:20 तक घर में ही मौजूद रहकर करीब 50 मिनट की जबरदस्त दहशत के बीच सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दे डाला। कोतवाली थाना प्रभारी संजय मिश्रा की सक्रियता और सूझबूझ से पुलिस को एक दिन ही में ही उक्त लूट का खुलासा करने में सफलता मिली है। घटना के अंजाम देने वाले दोनों आरोपी दुर्योधन उर्फ पुष्पेन्द्र पुत्र माधव कुचमदिया उम्र 20 वर्ष निवासी कमलागंज और सोनू रजक उम्र 22 वर्ष निवासी बड़ा बाजार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार घटना की पड़ताल के दौरान युवतियों ने पुलिस को बदमाशों का जो हुलिया बताया उसके अनुसार कोतवाली पुलिस ने संदेह के आधार पर दुर्योधन और सोनू रजक को उठाया। दुर्योधन का पुलिस में रिकॉर्ड है और पुलिस इसकी करतूतों से परिचित थी। बताया जा रहा है कि पुलिस दुर्योधन की पहचान कराने के लिए पीडि़त परिवार के घर पहुंची तो युवतियों ने उसे पहचान लिया। इसके बाद पुलिस ने दुर्योधन से सख्ती से पूछताछ की गई तो आरोपियों ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया।
इनका कहना है
लूट करने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दुर्योधन पूर्व में इसी माह जेल जा चुका है जिस अन्य प्रकरण भी दर्ज हैं, वहीं दूसरे आरोपी का भी रिकॉर्ड दिखवाया जा रहा है।
संजय मिश्रा, टीआई कोतवाली




