भाजपा संगठन की हालत को सुधारने के लिए आ रहे हैं प्रदेशाध्यक्ष, पांचों सीट जीतने पर जोर

संवाद और बैठक के जरिए नए प्रदेशाध्यक्ष कार्यकर्ताओं की नाराजगी को करेंगे दूर
एंटी-इनकंबेंसी से निपटने की रणनीति
शिवपुरी। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा पांचों विधानसभा सीट कैसे जीतेगी इस पर रणनीति बनाने के लिए दो दिवसीय दौरे पर भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह शिवपुरी दौरे पर आ रहे हैं। इस बार संगठन की गतिविधियां बढ़ाने पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का जोर रहने वाला है। कारण यह है कि इस बार शिवपुरी में भाजपा संगठन की हालत ठीक नहीं है। पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है। गुटबाजी के कारण कोलारस उपचुनाव पार्टी हार चुकी है। कोलारस उपचुनाव में मिली हार के बाद अब पार्टी के वरिष्ठ नेता संगठन में कसावट चाहते हैं इसलिए प्रदेशाध्यक्ष गुना व अशोकनगर के बाद शिवपुरी में पार्टी नेताओं से चर्चा करेंगे। जिससे आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी अच्छा प्रदर्शन कर सके। 

शिवपुरी में बुधवार को भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सांसद राकेश सिंह पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार शिवपुरी आ रहे सांसद राकेश सिंह का शहर में कई जगह जोरदार स्वागत भी किया जाएगा। 
इस क्रम में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सांसद राकेश सिंह ने कार्यकर्ताओं की बैठक विधानसभावार बुलाई है। शिवपुरी जिले में पांच विधानसभा सीट आती हैं लेकिन वर्ष 2013 में हुए चुनाव के दौरान यहां पर भाजपा का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। वर्ष 2013 में पांच में दो विधानसभा सीट पर ही भाजपा जीती थी। इस बार भाजपा की आने वाले विधानसभा चुनाव एंटी-इनकंबेंसी से भी निपटना है। पिछले 15 साल से प्रदेश में काबिज भाजपा को डर सता रहा है कि इस बार पहले जैसे हालात राज्य में नहीं हैं। इसलिए अभी से पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संवाद कर नेताओं की नाराजगी दूर करने की कोशिश चल रही है।