Press "Enter" to skip to content

सांसद सिंधिया का बड़ा बयान, कहा-कहा था-60 से 65 आयु वाले कांग्रेसी छोड़ दें टिकट की जिद

सिंधिया के बयान से उम्रदराज टिकट चाहने वालों में खलबली तो युवा खुश

शिवपुरी। 15 साल से प्रदेश में सत्ता से दूर कांग्रेस इस बार विधानसभा चुनाव के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही है। ऐसे में चुनाव से पहले पार्टी के आला नेताओं के बयान राजनीतिक हलकों में खलबली मचाए हुए हैं। ऐसे ही एक बयान ने कई उम्रदराज कांग्रेसियों को जहां मायूस कर दिया है। वहीं युवा नेताओं के चेहरे खिल रहे हैं। ताजा बयान सांसद सिंधिया का आया है। इसमें उन्होंने कहा है कि 60 से 65 साल की आयु वाले नेता जो पूर्व में विधानसभा चुनाव जीते और मंत्री भी रहे, लेकिन पिछले चुनाव में हार गए। वे टिकट की जिद छोड़ दें और युवाओं को मौका दें। सिंधिया का यह बयान जिले की राजनीति के लिए कहीं खुशी कहीं गम वाला साबित हो रहा है। जिले में कांग्रेस के कई टिकट आकांक्षी उम्रदराज नेताओं में यह बयान मायूसी का सबब बन रहा है, जो पूर्व में चुनाव लड़ चुके हैं और अब वे 60 की आयु पार कर चुके हैं। इस फेहरिश्त में पूर्व पोहरी विधायक हरिवल्लभ शुक्ला, गणेश गौतम, पार्टी जिलाध्यक्ष बैजनाथसिंह यादव, केएल राय, वैजंती वर्मा, एनपी शर्मा जैसे चेहरे शामिल हैं। हालांकि इनमें से कुछ चेहरे ऐसे हैं, जो पूर्व में कभी चुनाव लड़े ही नहीं। इससे इतर सिंधिया के इस बयान से उन युवा कांग्रेसियों के चेहरे खिल गए हैं, जो लंबे समय से टिकट की आस तो रखे थे, लेकिन उम्र व अनुभव की कमी हमेशा आड़े आ रही थी। इन चेहरों में कांग्रेस के युवा नेताओं में शामिल जनपद उपाध्यक्ष अशोक ठाकुर, राकेश गुप्ता, रविन्द्र शिवहरे, कल्याण यादव, विनोद धाकड़, योगेश करारे, सिद्घार्थ लढ़ा, रामवीर यादव, आलोक शुक्ला, समीर गांधी, मनीष राय, यशवंत कुशवाह, राजेन्द्र पिपलौदा, अजय गुप्ता शामिल हैं। हालांकि चुनाव में अभी समय है और यह बयान सिंधिया का व्यक्तिगत बयान है, जिसमें उन्होंने यह भी साफ किया है कि टिकट का अंतिम फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व सर्वे के बाद करेगा, लेकिन फिलहाल यह कहना गलत नहीं होगा कि सिंधिया के इस बयान से कांग्रेसियों में कही खुशी तो कहीं गम का माहौल है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!