पचावली में मिले 90 प्रतिशत छात्र उपस्थित, थपथपाई पीठ
शिवपुरी। प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी आरए प्रजापति शनिवार को बदरवास क्षेत्र के स्कूलों का निरीक्षण करने पहुंचे तो यहां सरकारी स्कूलों की दो तस्वीरें सामने आईं। एक स्कूल में जहां निर्धारित समय में एक भी छात्र उपस्थित नहीं मिला। वहीं दूसरा सरकारी स्कूल न केवल संचालित था, बल्कि छात्र भी 90 फीसदी से अधिक संख्या में मौजूद थे। प्रभारी डीईओ ने लापरवाही वाले स्कूल के शिक्षकों को लताड़ लगाई तो वहीं विधिवत संचालित मिले स्कूल के शिक्षकों की पीठ थपथपाई। दरअसल डीईओ आरए प्रजापति दोपहर करीब 3:30 बजे हाईस्कूल पचावली पहुंचे। यहां दर्ज बच्चों में से 152 बच्चे उपस्थित थे। कक्षाएं विधिवत संचालित थीं, प्रभारी डीईओ ने बच्चों से संवाद किया तो उनका शैक्षणिक स्तर भी संतोषजनक मिला। यहां शनिवार को बालसभा का भी आयोजन किया गया था, इस पर डीईओ ने शाला के प्रभारी प्रदीप अवस्थी सहित स्टाफ की प्रशंसा की। पचावली हाईस्कूल में जहां कक्षाएं विधिवत संचालित मिलीं तो वहीं निजी स्कूलों की तर्ज पर शाला प्रभारी द्वारा कक्षाओं के बच्चों को चार सदनों (हाउस) में भी बांटा गया है और बुधवार व शनिवार को इन चार सदनों के बच्चे हरे, लाल, पीले व नीले रंग की पोशाकों में विद्यालय आते हैं और बालसभा व अन्य गतिविधियों में शामिल होते हैं। इसके बाद जब डीईओ 4 बजे इसी क्षेत्र के उमावि रन्नौद पहुंचे तो यहां एक भी छात्र मौजूद नहीं था। इस पर डीईओ ने नाराजगी जताई

समय से पहले लौट गए शिक्षक
रन्नौद में यहां एक भी छात्र मौजूद नहीं मिला तो वहीं स्कूल में पदस्थ व्याख्याता जेपी मंगल व अध्यापक बादामसिंह फरेले के हस्ताक्षर तो पंजी में मिले, लेकिन वे निरीक्षण के दौरान मौजूद नहीं थे। स्टाफ ने बताया कि वे आए थे, लेकिन चले गए। इस पर भी डीईओ ने नाराजगी जताई और दोनों को नोटिस जारी करने की बात कही है।







Be First to Comment