खिड़की से अंदर कूदकर चोरों ने लाखों की चोरी को दिया अंजाम, परिजनों को कर गए बंद

शिवपुरी। फिजीकल थाना क्षेत्र के सुभाष कालोनी में रहने वाले राजकिशोर पुत्र विष्णु उपाध्याय शुक्रवार की रात को अपने घर के मुख्य द्वार को लॉक कर सो गए थे। शुक्रवार-शनिवार की रात चोरों ने पहले खिड़की की जाली को तोड़ा और उसके बाद बैठक में प्रवेश कर अन्य सामान ले जाने के लिए बैठक के रोशनदान की जाली को तोड़कर अंदर आंगन में प्रवेश किया और घर में जो लोग कमरों में सो रहे थे उनके कमरों की बाहर से कुंदी लगा दी और वहां से एलईडी टीवी सहित पल्सर बाइक चुराई और मैन गेट का सेंटर लॉक तोड़कर बाहर निकल गए। कमरों में सो रहे खटपट की आवाज सुनकर उठ न जाएं और बाहर निकलने का प्रयास करें तो कहीं कुंदी न खुल जाए इसलिए चोरों ने कमरों के गेट की कुंदी लगाकर उन्हें परदों से बांध दिया था जिससे वह खुल न सकें। सूचना पर थाना प्रभारी रूपेश शर्मा सहित एसडीओपी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की।

पड़ोसी को दी फोन पर सूचना

सुबह जब परिजन उठे और बच्चों को स्कूल भेजने का समय था। जब कमरे के दरवाजे बाहर से नहीं खुले तो परिजन ने पड़ोस में रहने वाले को फोन पर दरवाजे न खुलने की जानकारी दी जिसके बाद पड़ोसी जब आया तो उसने मुख्य द्वार का सेंटर लॉक टूटा देखा और अंदर जाकर कमरों के दरवाजों की कुंदी खोली तब परिजन कमरों से बाहर आए और चोरी की वारदात को पता चल सका।