
रातभर सर्चिंग में जुटी रही सिरसौद पुलिस
शिवपुरी। सिरसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम करमाजकलां में रहने वाला तेजपाल जाटव पुत्र जिगनी जाटव उम्र करीब 37 वर्ष कल अपनी पत्नी एवं माँ के साथ शिवपुरी आया हुआ था। कल हुआ झमाझम बारिश के बाद जिले में नदी नाले उफान पर थे। रात करीब 8.30 बजे तेजपाल अपने परिवार के साथ गांव पहुंचा, लेकिन गांव के बाहर से निकलने वाली नदी उफान पर थी। इसके बाद तेजपाल ने नदी को पार कर घर जाने की बात कही, लेकिन पत्नी ने ऐसा करने से रोका। जिस पर तेजपाल ने कहा कि मुझे तो तैरना आता है और मैंं तो इसे कई बार पार कर चुका हूं और बच्चे घर पर अकेले हैं, ग्रामीणों ने भी उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन तेजपाल किसी की न सुनते हुए नदी में कूद गया और आधी दूरी तो उसने तय कर ली, लेकिन नदी के तेज बहाव में वह हिम्मत हार गया और इसके बाद बह गया। पत्नी और मां किनारे पर खड़े होकर तेजपाल को देखती रह गई और कुछ ही पल में आंखों से ओझल गया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना सिरसौद पुलिस को दी। पुलिस सर्चिंग के दौरान सुबह झाडिय़ों में तेजपाल का शव मिला।
एसपी के निर्देशन में रातभर सर्चिंग में जुटी रही सिरसौद पुलिस
पुलिस अधीक्षक राजेश हिंगणकर द्वारा घटना की सूचना मिलने पर तुरंत सिरसौद थाना प्रभारी अजय सिंह गुर्जर को पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। श्री गुर्जर रातभर पुलिस बल के साथ तेजपाल को तलाशते रहे, इस दौरान पुलिस अधीक्षक लगातार उन्हें निर्देशित करते रहे। सुबह करीब 5 बजे गांव के बाहर झाडिय़ों में तेजपाल का शव फंसा मिला। सुबह घटनास्थल पर पोहरी एसडीओपी अशोक घनघोरिया भी मौके पर पहुंचे। शव को पीएम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। बताया जा रहा है कि तेजपाल ने शराब का सेवन भी कर रखा था, पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही इसका खुलासा हो सकेगा।







Be First to Comment