तीन दलालों पर भी हुई कायमी, 80 हजार रूपये देकर की थी युवक ने शादी
शिवपुरी। अमोला थाना क्षेत्र अंतर्गत बीते मई माह में 80 हजार रूपये देकर शादी करना एक युवक को उस समय महंगा पड़ गया जब उसकी पत्नी शादी के दूसरे दिन ही घर में रखे आभूषण समेटकर अपने साथियों के साथ फरार हो गई। इस मामले की जांच के बाद पुलिस ने कल दुल्हन सहित तीन दलालों के खिलाफ पीडि़त युवक की रिपोर्ट पर से भादवि की धारा 420 और 406 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
जानकारी के अनुसार अशोक तिवारी पुत्र मनमोहन तिवारी निवासी ग्राम लेदा के पास तीन युवक धीरज चौबे निवासी चंदावनी ओरछा, बाबू दुबे निवासी रक्सा, नीरज चौबे निवासी भेल झांसी आए जिन्होंने प्रियंका चौबे नामक युवती से अशोक का विवाह कराने की चर्चा की और इसके ऐवज में एक लाख रूपये फरियादी से मांगे जिसमें से फरियादी ने 80 हजार रूपये दलालों को दे दिया और 5 मई 2018 को प्रियंका और अशोक का विवाह झांसी स्थित एक मंदिर में करा दिया गया इसके बाद अशोक प्रियंका को लेकर अपने गांव आ गया और दूसरे दिन वह पत्नी को छोड़कर खेत पर पहुंचा और शाम को जब वह वापस आया तो प्रियंका घर में नहीं थी साथ ही घर में रखे सारे आभूषण भी गायब थे। अशोक ने प्रियंका की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। बाद में अशोक ने तीनों दलालों से संपर्क साधा तो उक्त लोगों ने भी उसे हड़का दिया इसके बाद वह थाने पहुंचा और घटना की जानकारी शिकायती आवेदन के माध्यम से पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने कल जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।







Be First to Comment