
शिवपुरी। वर्षों से ही फाइलों में ही अपने जीवन का समर्पण करने वाले लिपिक संवर्ग की विभिन्न मांगें प्रांत स्तर पर लंबित हैं। निश्चित ही शासकीय कार्यों के निष्पादन में अपना संपूर्ण समय प्रशासनिक सेवा में लगाने वाले लेखा कार्यों को करते-करते कमजोर होती आंखों पर पडऩे वाले विपरीत प्रभावों को भी नजर अंदाज कर निष्ठापूर्वक सेवाएं दे रहे लिपिकों की मांगों को राज्य शासन तत्परता से हल करे इसका समर्थन मध्यप्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ जिला इकाई शिवपुरी ने किया है।
उल्लेखनीय है कि विसंगति सहित लिपिक पिछले कई दिनों से हड़ताल पर चल रहे हैं। चतुर्थ श्रेणी संवर्ग की मांगों को भी इस क्रम में जोड़ा गया है। जिनमें कार्यालय सहायक का पद नाम देने, ग्रेड़ पे 1800 रुपए करने, सेवानिवृत्ति आयु 64 वर्ष करने आदि शामिल है। लिपिकों की मांगों का समर्थन करने वालों में मप्र लघु वेतन कर्मचारी संघ के प्रांतीय सचिव अरविंद कुमार जैन, जिलाध्यक्ष धीरज सिंह राजपूत, जसपाल भारती, राहुल दोहरे, अंकित नरवरिया, अमित चंदेल, अरविंद शर्मा, गोविंद कुशवाह, भग्गूराम करोसिया, हबीब खान, प्रहलाद सेन आदि शामिल हैं।





