
शिवपुरी। विगत दिनों नगर पालिका में परिषद की बैठक के दौरान भाजपा पार्षदों और कांग्रेसी पार्षद आकाश शर्मा द्वारा परिषद के 23 बिन्दुओं पर आपत्ति दर्ज कराने के बाद नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह द्वारा सभी बिन्दुओं को पास करने पर हुए हंगामे के बाद हुई शिकवा शिकायत से परेशान होकर नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह, पार्षद आकाश शर्मा और उपाध्यक्ष अन्नी शर्मा की शिकायत करने अपने पुत्र सोनू कुशवाह और पार्षद व पार्षद पतियों के साथ दिल्ली पहुंच गए हैं। सूत्र बताते हैं कि श्री कुशवाह ने उपाध्यक्ष और पार्षद की शिकायत सांसद सिंधिया से की है। हालांकि अध्यक्ष के साथ दिल्ली गए पार्षद इस्माइल खान ने शिकायत करने की बात से इंकार किया है। उनका कहना है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव के संबंध में सांसद सिंधिया चर्चा करने आए हैं और नपाध्यक्ष के लिए शिवपुरी से टिकट की मांग भी करेंगे।
सूत्रों के अनुसार नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह, पार्षद पति राजकुमार पाल, पार्षद पुत्र विवेक अग्रवाल, पार्षद इस्माइल खान, पार्षद पति मदन देशवारी, पार्षद पति सुधीर आर्य, पार्षद पति महबूब शाह, पार्षद पति बल्लू खान, संजय परिहार और श्यामलाल राजे के साथ रात्रि में दिल्ली रवाना हुए हैं। बताया जाता है कि सुबह नपाध्यक्ष के नेतृत्व में उनके साथ कांग्रेसी नेताओं और पार्षदों ने सांसद सिंधिया के बंगले पर उनसे मुलाकात कर परिषद की बैठक में हुए हंगामे का सूत्रधार नपाध्यक्ष अनिल शर्मा अन्नी और पार्षद आकाश शर्मा को बताया है। और शिकायत की है कि दोनों भाजपा पार्षदों के साथ मिलकर उनके खिलाफ षड्यंत्र रच रहे हैं। हालांकि इस पूरे मामले में नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह से बात नहीं हो सकी। कई बार उनके मोबाइल पर फोन लगाया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। बाद में पार्षद इस्माइल खान से जब बात की गई तो उनका कहना था कि यह बात गलत है कि वह शिकायत दिल्ली गए हैं।
इनका कहना है
मुझे यह जानकारी नहीं है कि नपाध्यक्ष, पार्षदों और कांग्रेसी नेताओं के साथ शिकायत करने सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के पास दिल्ली गए। अगर ऐसा है तो नपा उपाध्यक्ष ज्यादा जानकारी दे सकते हैं।
आकाश शर्मा पार्षद वार्ड क्रमांक 9






Be First to Comment