
शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर एकाएक लाश मिलन से सनसनी फैल गई। तीन लाश मिलने से पुलिस भी चकरघिन्नी रही। तीनों ही मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। खासबात यह है कि बदरवास अस्पताल परिसर में स्थित पीएम हाउस कक्ष का दरवाजा टूटा है शवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते रातभर पुलिस को शवों की पहरेदारी करनी पड़ी।
केस-1, झाडिय़ों में मिली टेलर की लाश, हत्या की आशंका
कल बदरवास बस स्टैंड के पास झाडिय़ों में शव पड़े होने से नगर में सनसनी फैल गई। बदरवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो मृतक की शिनाख्त मुकेश उर्फ नारायण नामदेव उम्र 35 वर्ष निवासी इंदिरा कॉलोनी के रूप में हुई। मृतक पेशे से दर्जी का काम करता था और पिछले चार दिनों से घर से लापता था। मृतक की लाश को देखते हुए हत्या की आशंका जाहिर की जा रही है। परिजनों ने रविवार की सुबह बदरवास थाने पहुंचे और पांच दिनों से लापता होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली। पुलिस को शाम 5.30 बजे सूचना आई कि बस स्टैंड के पास हरनाम सिंह के बाड़े स्थित खाली प्लॉट की झाडिय़ों में शव पड़ा है। मृतक की पहचान होने के बाद एफएसएल टीम को मौके पर बुलवाया गया। परिजनों का कहना है कि मुकेश गुरुवार की सुबह 9 बजे घर से दुकान जाने की कहकर निकला था। उसके बाद फिर घर नहीं लौटा। लाश मिलने के बाद शव पीएम हाउस तक ले जाने के लिए वाहन तक उपलब्ध नहीं कराया। रिश्तेदार अपनी निजी गाड़ी में शव रखकर ले गए। मृतक के शरीर की चमड़ी जली हुई प्रतीत हो रही है। चेहरे का कंकाल निकल आया है। मामले में पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।
केस-2 कुएं में मिला युवक का शव, आठ दिन से था लापता
वीरेन्द्र पुत्र पप्पू जाटव उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम झूलना बीते आठ दिनों से लापता था, परिजनों ने अपने स्तर पर खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा, कल वीरेन्द्र की लाश अशोक धाकड़ के कुएं में पड़ी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया।
केस-3, 70 वर्षीय वृद्ध की लाश खेत में पड़ी मिली
बदरवास के ग्राम खिरिया निवासी सिरनाम पुत्र समरथ कुशवाह उम्र 70 वर्ष शनिवार की रात्रि अपने घर से शौच की कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सुबह सिरनाम की लाश रामकृष्ण कुशवाह के खेत में पड़ी मिली।









Be First to Comment