
CM Helpline मामलों को निपटाने में कोतवाली A+ ग्रेड में
शिवपुरी। शिवपुरी में एसपी राजेश हिंगणकर की पदस्थापना के बाद क्राइम एण्ड क्रिमिनल ट्रेकिंग नेटवर्क एण्ड सिस्टमस (सीसीटीएनएस) की रंैकिंग में शिवपुरी जिले ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इससे पहले जिला 49वे नंबर पर था। सीसीटीएनएस में जिलेभर की एफआईआर के साथ-साथ अन्य कार्रवाईयां कम्प्यूटर के माध्यम से ऑनलाइन की गई हैं जिससे आमजन अपनी शिकायत को ऑनलाइन देख सकता है और प्रकरण में हुई कार्रवाई का भी ब्यौरा ले सकता है। वहीं सिटी कोतवाली में सीएम हेल्पलाइन पर की गई शिकायतों को निपटाने में ए प्लस ग्रेड में पहुंच गई है। उक्त जानकारी कोतवाली टीआई विनय कुमार शर्मा ने दी। अभी तक सिटी कोतवाली सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों को निपटाने में फिसड्डी थी और उसकी रैंक डी ग्रेड में थी जो सबसे निचले स्तर की मानी जाती है। सीएम हेल्पलाइन के मामलों को सभी थानों में प्रमुखता से लेने के आदेश एसपी द्वारा दिए गए थे और इसी मामले में हाल ही में पोहरी थाना प्रभारी आशाराम गौतम पर कार्रवाई की गाज गिरी थी।
विदित हो कि एक माह पहले एसपी हिंगणकर ने पदभार संभालने के बाद से ही सीसीटीएनएस के प्रकरणों पर फोकस किया था और उनके निर्देशों के बाद थाना प्रभारी कार्रवाई में जुट गए थे जिन्होंने थाने में पदस्थ सीसीटीएनएस आरक्षकों के सहयोग से सभी प्रकरण ऑनलाइन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जिनमें मुख्य रूप से नक्शामौका, जप्ती और चालान शामिल थे। वहीं एफआईआर भी ऑनलाइन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और एसपी ने प्रतिदिन आरटी कॉल के माध्यम से थाना प्रभारियों के साथ सतत संपर्क साधा और अधिक से अधिक कार्रवाई करने के लिए उन्हें प्रेरित किया जिसका परिणाम यह हुआ कि सीसीटीएनएस की ग्रेड 49 नंबर से दूसरे नंबर पर आ गई जिसका निर्धारण करने वाली एजेन्सी स्टेट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एससीआरबी) ने ऑनलाइन रैंकिंग अपलोड की जिसमें प्रथम स्थान पर राजगढ़ जिला रहा और दूसरे स्थान पर शिवपुरी जिला। प्रदेश में दूसरा स्थान दिलाने में एसपी राजेश हिंगणकर और एएसपी कमल मौर्य का विशेष योगदान रहा जिन्होंने जिले के सभी एसडीओपी, थाना प्रभारी और कंट्रोल रूम प्रभारी जितेन्द्र शाक्य को अधिक से अधिक कार्रवाई करने में प्रेरित किया था।






Be First to Comment