Press "Enter" to skip to content

सवर्ण समाज के भारत बंद को शिवपुरी में मिली अभूतपूर्व सफलता

दुकानें, प्रतिष्ठान, पेट्रोल पम्प, सिनेमाघर, स्कूल और मेडिकल स्टोरों पर पड़ा रहा ताला

शिवपुरी। एससी-एसटी एक्ट के विरोध में सवर्ण समाज द्वारा बुलाए गए भारत बंद को शिवपुरी में अच्छी सफलता हासिल हुई। सुबह से ही दुकानें, प्रतिष्ठान, पेट्रोल पम्प, सिनेमाघर, स्कूल और मेडिकल स्टोर बंद रहे। हालांकि बंद समर्थकों ने मेडिकल स्टोर को दोपहर 12 बजे तक ही बंद करने का आव्हान किया था जबकि बंद सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया गया था। प्रायवेट स्कूल संचालकों ने पहले से ही स्कूल बंद करने की घोषणा कर दी थी वहीं कलेक्टर ने भी शांति और व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए सरकारी स्कूलों को बंद करने की घोषणा की थी। कई घरों पर इस तरह के बैनर लगे थे कि हमारा परिवार सामान्य वर्ग का परिवार है हम एससी-एसटी संशोधन बिल का विरोध करते हैं। बंद सामान्यतौर पर शांतिपूर्ण रहा, लेकिन इक्का-दुक्का स्थानों पर हल्की-फुल्की झड़पें भी देखने को मिलीं। बंद के दौरान कोचिंग क्लासेस भी बंद रहे। हालांकि लक्ष्य कोचिंग क्लास को बंद समर्थकों ने जाकर बंद कराया। 6 सितम्बर के भारत बंद को देखते हुए शिवपुरी में पहले से ही कलेक्टर शिल्पा गुप्ता ने 144 धारा लागू करने की घोषणा कर दी थी। कल पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया था, लेकिन बंद समर्थकों ने इसका भी हल निकाल लिया था। छोटी-छोटी टुकडिय़ों में कल और परसो दोनों दिन बंद समर्थक शहर के प्रमुख बाजार कोर्ट रोड, सदर बाजार, गांधी चौक, माधवचौक, आर्य समाज रोड, धर्मशाला रोड आदि स्थानों पर घूमे तथा उन्होंने व्यापारियों से बंद के लिए समर्थन मांगा। इसका परिणाम यह हुआ कि आज सुबह से ही लगभग पूरा बाजार बंद रहा। यहां तक कि खाने-पीने की वस्तुएं मिठाई की दुकानें, चायपान के स्टॉल, होटल आदि बंद रहे। बंद के दौरान भोजनालय बंद रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पेट्रोल पम्प संचालकों ने भी बंद रखने का निर्णय लिया जिससे डीजल और पेट्रोल के लिए लोग भटकते देखे गए। सिनेमाघरों में भी आज पहले दो शो नहीं चले। इस तरह से सिनेमाघर संचालकों ने भी बंद को समर्थन दिया। सवर्ण आंदोलन से जुड़े शासकीय कर्मचारी दफ्तरों में भी नहीं गए। बंद से सदर बाजार, कोर्ट रोड, गांधी चौक, माधवचौक, बस स्टेण्ड क्षेत्र, कमलागंज, पुरानी शिवपुरी सहित सुनार गली, लखेरा गली, पताशा गली आदि में व्यापार और व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हुआ।

पोहरी में भाजपा मुर्दाबाद के लगे नारे

पोहरी कस्बे में भारत बंद का अच्छा असर देखने को मिला। यहां धारा 144 के बावजूद बंद समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। उन्होंने जोरशोर से नारे लगाए कि काला कानून वापिस लो वहीं भाजपा मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। पोहरी विधानसभा क्षेत्र में पिछले दो विधानसभा चुनावों से भाजपा जीत रही है, लेकिन बंद को जिस तरह से पोहरी में समर्थन मिला उससे भाजपा में घबराहट बढ़ गई है। वहीं बदरवास में भी बंद समर्थकों ने बाइक रैली निकालकर बाजार बंद कराने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने बाइक रैली को रोककर समझाइश दी कि धारा 144 लागू होने के कारण बाइक रैली नहीं निकाली जा सकती।

फलों की दुकानें और सब्जी मण्डी खुली रहीं

बंद के दौरान कोर्ट रोड पर स्थित फलों की दुकानें तथा सब्जी मण्डी पूरी तरह खुली रहीं। चार पहियों के ठेलों पर फल बेचने वाले भी बराबर सक्रिय रहे।

पुलिस व्यवस्था रही मुस्तैद

किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद रही। बाजारों और चौराहों पर पुलिस के जवान गश्त करते हुए देखे गए।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!