
विधायक भारती ने भी किया सपाक्स की मांग का समर्थन
शिवपुरी। एससी-एसटी एक्ट संशोधन के विरोध में सपाक्स सहित अन्य समर्थित संगठनों ने आज शिवपुरी में पोहरी विधायक प्रहलाद भारती का घेराव किया। नारेबाजी करते हुए उन्हें काले झण्डे दिखाए तथा उनसे मांग की कि वह एससी-एसटी एक्ट में संशोधन का विरोध करें। घबराए और भौचक्के प्रहलाद भारती ने स्वीकार किया कि इस कानून से दुरूपयोग की संभावना है और इसे वापिस लिया जाना चाहिए। आक्रोशित युवाओं ने प्रहलाद भारती से उग्र लहजे में सवाल जवाब भी किए जिसका परिणाम यह हुआ कि श्री भारती कह उठे कि संशोधन का विरोध हो रहा है और मैं भी आपके साथ हूं।
आरक्षण विरोधियों ने आज सुबह ही शिवपुरी में निवास कर रहे पोहरी विधायक प्रहलाद भारती का घेराव कर डाला। अपने आपको माई का लाल बताते हुए आरक्षण विरोधी इस अवसर पर जमकर एससी-एसटी एक्ट के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे और उनके हाथों में विरोध स्वरूप तख्तियां तथा काले झण्डे थे। रोष व्यक्त करते हुए युवाओं ने प्रहलाद भारती से सरकार के इस काले कानून की निंदा करने के लिए कहा और स्पष्ट रूप से उनसे कहा कि वह क्षेत्र के जनप्रतिनिधि हैं और उन्हें इस काले कानून के विरोध में सत्ता के सुख को छोड़कर आगे आना चाहिए। युवाओं की टीम का यह भी आक्रोश था कि 795 जनप्रतिनिधियों के संसद में बैठने के बाद भी यह काला कानून लागू कर दिया गया। यहां बता दें कि इससे पूर्व सपाक्स द्वारा राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त राजू बाथम को भी काले झंडे दिखाए थे। इनका कहना है
- मैं विधायक होने के नाते विधानस्तर पर मेरे जो अधिकार होंगे, कर्तव्य होंगे उसके नाते में मेरे जो विचार होंगे मैं उन्हें उठाऊंगा।
प्रहलाद भारती, विधायक पोहरी
- हम सभी लोग सपाक्स समाज के तहत आए हैं। सरकार द्वारा एसएस, एसटी एक्ट पर एक काला कानून लागू किया गया है जिसका हम पूरी तरह से विरोध करते हैं। इसी के तहत जो जनप्रतिनिधि शिवपुरी के होंगे या फिर शिवपुरी के आसपास आएंगे हम उनका सीधा-सीधा विरोध करेंगे। काले झंडे दिखाएंगे और इनका बहिष्कार करेंगे। शिवपुरी किसी भी बड़े जनप्रतिनिधि किसी भी स्थिति में अंदर नहीं आने दिया जाएगा। उसके लिए चाहे हमें लठ्ठ खाना पड़ा, मरना पड़ा कुछ भी करने को तैयार हैं।
बृजेश तोमर, सपाक्स नेता






Be First to Comment