शिवपुरी। देहात थाना अन्तर्गत ग्राम मझेरा के निकट मोराई के जंगल में बड़े पैमाने पर अवैध रुप से पत्थर उत्खनन का काम चल रहा है। यहां अवैध रुप से धुंआधार तरीके से पत्थर खदान काटी जा रही है। यह पत्थर कारोबार बड़े ही बेखौफ ढंग से चलाया जा रहा है। मझेरा से करीब 6 किमी दूरी पर स्थित मोराई के घने जंगल में फर्शी पत्थर का यह अवैध उत्खनन वन विभाग व खनिज विभाग की मिली भगत से संचालित किया जा रहा है। इतना ही नही यहां खदान माफियाओं ने बाल श्रमिकों को भी अवैध खनन में लगा रखा है।
रात्रि के समय वन विभाग और खनिज विभाग की आंखों में धूल झोंक कर यह पत्थर उत्खनित किया जा रहा है और तो और यहां बड़े पैमाने पर पत्थर निकालने के लिए विस्फोटकों का भी प्रयोग किया जा रहा है। डायनामाईट के इस्तेमाल से साफ जाहिर है कि बिना प्रशासनिक मिलीभगत के यह कारोबार सम्भव नहीं शिवपुरी अनुविभाग में चल रहा यह गोरखधंधा पिछले लम्बे समय से जारी है यह पत्थर यहां से शहर की स्टोन पॉलिशिंग फैक्ट्रियों तक बड़ा गांव के रास्ते पहुंचाया जा रहा है। प्रश्न उठता है कि जंगल क्षेत्र में इस अवैध खनन पर प्रशासन कैसे मौन है। यहां वन विभाग और खनिज विभाग के अधिकारियों की भूमिका जांच के घेरे में है। क्योंकि इतने बड़े स्तर पर चल रहे उत्खनन पर इनके द्वारा आज तक कोई कार्रवाई क्यों नही की गई।






Be First to Comment