शिवपुरी। शहर के गांधी चौक पर बुधवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस प्रशासन और नगर पालिका की टीम को जोगी पटवाओं के विरोध का सामना करना पड़ा। दुकानों के 6 फीट से अधिक बाहर निकले हिस्से को हटाने के लिए टीम JCB लेकर पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होने से पहले ही पटवाओं ने चक्काजाम कर दिया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
सूचना पर एसडीओपी, थाना प्रभारी और नगर पालिका के अतिक्रमण प्रभारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पटवाओं से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी। पटवाओं की मांग थी कि दीपावली तक उन्हें गांधी चौक पर दुकानें लगाने के लिए जगह दी जाए और त्योहार के बाद स्थायी स्थान उपलब्ध कराकर वहां शिफ्ट किया जाए।
प्रशासन ने पटवाओं की मांग पर दीपावली तक 6 फीट की जगह पर दुकानें संचालित करने की अनुमति दी। साथ ही आश्वासन दिया कि दीपावली के बाद उन्हें प्राइवेट बस स्टैंड परिसर में स्थायी जगह उपलब्ध कराई जाएगी और इसके बाद गांधी चौक से दुकानें हटानी होंगी।
प्रशासन और पटवाओं के बीच सहमति बनने के बाद चक्काजाम समाप्त हो गया। इसके बाद पटवाओं ने अपनी दुकानें फिर से संचालित करना शुरू कर दिया। फिलहाल दीपावली तक मिली मोहलत के बाद अब त्योहार के पश्चात दुकानदारों को निर्धारित स्थान पर शिफ्ट करने की व्यवस्था प्रशासन के सामने रहेगी।
गांधी चौक पर अतिक्रमण हटाने पहुंची JCB, जोगी पटवाओं ने किया चक्काजाम; दिवाली तक मिली मोहलत, बाद में बस स्टैंड पर होगी शिफ्टिंग / Shivpuri News




