,

वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह में दून पब्लिक स्कूल में दिखी बच्चों की प्रतिभा, रेंज ऑफिसर शुभ जैन ने दिया संरक्षण के साथ समावेशी विकास का संदेश / Shivpuri News

शिवपुरी। वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह के अवसर पर माधव टाइगर रिजर्व की मध्य रेंज द्वारा दून पब्लिक स्कूल में विभिन्न रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रेंज ऑफिसर शुभ जैन ने विद्यार्थियों को पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के साथ विकास को संतुलित रखते हुए समावेशी विकास की आवश्यकता का संदेश दिया।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया। पाम आर्ट प्रतियोगिता में कृतिक रजक और उम्मेहानी ने पुरस्कार प्राप्त किए। वहीं ‘पर्यावरण संरक्षण या विकास’ विषय पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में सिमरन कौर, यशिका लोधी, अरण्या रघुवंशी और पलक पराशर की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।

स्टोन आर्ट प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पत्थरों पर वन्यजीवों और पर्यावरण से जुड़ी आकर्षक कलाकृतियां बनाईं। इसमें उम्मेहआनी प्रथम और प्रणय कुमार द्वितीय स्थान पर रहे। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में पलक लोधी ने प्रथम, यशिका चौधरी ने द्वितीय और यशस्वी भारद्वाज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि नैन्सी बघेल को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

कार्यक्रम के समापन पर रेंज ऑफिसर शुभ जैन ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण और वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के शुभारंभ पर दून पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर डॉ. खुशी खान ने अतिथियों का पुस्तकों के साथ स्वागत किया। आयोजन का संयोजन वर्षा खरे ने किया, जबकि डायरेक्टर शाहिद खान ने आभार व्यक्त किया।