शिवपुरी। फिजीकल थाना क्षेत्र में चोरी के मामले को लेकर एक महिला ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर अपने पति को पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए ले जाने और उनके साथ कथित मारपीट किए जाने के आरोप लगाए हैं। महिला ने पति को थाने से छुड़वाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
रजनी रजक पत्नी मोनू रजक ने बताया कि वह अपने पति और दो बच्चों के साथ दौलत सिंह के होटल के पीछे सोनू चौधरी के मकान में किराये से रहती हैं। आवेदन के अनुसार, इसी मकान में सोनू चौधरी के बड़े भाई मातादीन चौधरी की 28 सितंबर 2026 को चोरी हो गई थी। महिला का आरोप है कि चोरी के शक के आधार पर उसके पति के खिलाफ फिजीकल थाने में शिकायत की गई।
महिला ने बताया कि 2 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे उसके पति को चौहान नामक पुलिसकर्मी पकड़कर ले गए, लेकिन इसके बाद उन्हें छोड़ा नहीं गया और परिवार को उनसे मिलने भी नहीं दिया जा रहा है। आवेदन में पति के साथ किसी अन्य स्थान पर ले जाकर कथित मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
रजनी रजक ने आरोप लगाया कि उनके पति को राजनीतिक प्रभाव के चलते झूठे मामले में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।
महिला ने यह भी दावा किया कि उसके पति फिजीकल कोच हैं और पुलिस विभाग के लड़कों को ट्रेनिंग देते हैं। आवेदन में कहा गया है कि उनके पति के खिलाफ आज तक कोई आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं है। उन्होंने एसपी से मामले में कार्रवाई कर पति को छुड़ाने तथा यदि उनके खिलाफ कोई प्रकरण दर्ज किया जाता है तो उसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।





