शिवपुरी। कोलारस तहसील के ग्राम अमरपुर में शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय के मैदान पर कथित रूप से अनधिकृत तारफेंसिंग किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर की जनसुनवाई में आवेदन देकर विद्यालय की शासकीय भूमि से तारफेंसिंग हटाने और मैदान को पूर्ववत बहाल कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार विद्यालय की शासकीय भूमि सर्वे नंबर 170 के बीच में 20 सितंबर 2026 की शाम कुछ लोगों द्वारा तारफेंसिंग कर दिए जाने का आरोप है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे विद्यालय के बच्चों के लिए प्रार्थना सभा और खेलकूद का स्थान सीमित हो गया है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि तारफेंसिंग के कारण छात्र-छात्राओं को एक सेक्शन से दूसरे सेक्शन में जाने के लिए लंबा रास्ता तय कर सड़क से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों के मुताबिक विद्यालय के शिक्षकों ने 21 सितंबर को तहसीलदार और एसडीओपी (राजस्व) कोलारस के समक्ष शिकायत भी दी थी, लेकिन अभी तक फेंसिंग नहीं हटाई गई।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से पुलिस बल की मौजूदगी में तत्काल तारफेंसिंग हटवाने और शासकीय विद्यालय के मैदान को अतिक्रमण से मुक्त कर पूर्ववत बहाल कराने की मांग की है।





