Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी में मंत्री तोमर ने बताया बजट 2026-27 का विजन:कहा- गरीब, किसान, महिला और युवाओं को सशक्त करेगा / Shivpuri News

शिवपुरी में बुधवार को केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर एक पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। जिले के प्रभारी मंत्री प्रधुमन सिंह तोमर ने बजट की प्रमुख विशेषताओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए इसे हर नागरिक के सपनों और भविष्य को मजबूत आधार देने वाला बताया।

यह पत्रकार वार्ता फतेहपुर रोड स्थित गीता पब्लिक स्कूल में आयोजित की गई। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव और स्थानीय विधायक देवेंद्र जैन भी मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि बजट 2026-27 को इतिहास में उस बजट के रूप में याद किया जाएगा, जिसने विकसित भारत के संकल्प को ठोस आधार दिया है। उन्होंने बताया कि यह इस शताब्दी के दूसरे क्वार्टर का पहला बजट है।

मंत्री तोमर ने बताया कि यह बजट वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लगातार नौवीं बार संसद में प्रस्तुत किया गया है, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ के मंत्र पर काम कर रही है। इस रिफॉर्म एक्सप्रेस का सबसे मजबूत इंजन नारी शक्ति है।

प्रभारी मंत्री ने बताया कि इस बजट में महिला सशक्तिकरण को केवल सामाजिक न्याय तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि आर्थिक भागीदारी, तकनीकी नेतृत्व और वैश्विक प्रतिस्पर्धा तक विस्तार दिया गया है। मंत्री ने बताया कि बजट में कैंसर की 17 जीवनरक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क शून्य या बेहद कम किया गया है, जिससे इलाज का खर्च कम होगा।

जिला स्तर पर बायोफार्मा और आयुष केंद्रों की स्थापना के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। कम या शून्य टीडीएस प्रमाणपत्र के लिए अब लोगों को अधिकारियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इसके लिए एक ऑटोमैटिक सिस्टम लागू किया जाएगा।

लिबरलाइज्ड रेमिटेंस स्कीम के तहत विदेश यात्रा और बच्चों की पढ़ाई पर लगने वाला टीसीएस 5 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत कर दिया गया है। युवाओं के कौशल विकास के लिए शिक्षा से रोजगार और उद्यम स्थायी समिति का गठन किया जाएगा। इसके साथ ही 15 हजार माध्यमिक विद्यालयों और 500 कॉलेजों में एवीजीसी कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित होंगी।

पर्यटन क्षेत्र में 10 हजार गाइडों के कौशल उन्नयन और एमएसएमई ग्रोथ फंड के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रत्येक जिले में महिला छात्रावास की स्थापना के लिए करीब 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही 1.5 लाख केयरगिवर्स और 1 लाख संबद्ध स्वास्थ्य पेशेवरों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।

प्रभारी मंत्री ने लखपति दीदी योजना के जरिए महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने को बजट का अहम और ऐतिहासिक कदम बताया। पत्रकार वार्ता के दौरान जब मंत्री से अग्निवीर भर्ती में आयु परिवर्तन और अन्य समसामयिक मुद्दों पर सवाल किए गए, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि वह केवल बजट से जुड़े सवालों के ही जवाब देंगे।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!