
पुलिस अधीक्षक ने दोनों आरोपी आरक्षकों को किया निलंबित
शिवपुरी। देहात थाने में पदस्थ आरक्षक प्रशांत जादौन और ऋषभ करारे पर देहात टीआई राकेश गुप्ता की रिपोर्ट पर से यातायात कर्मी देवेंद्र धाकड़ को डरा धमकाकर 60 हजार रूपए छीनने के मामला दर्ज कर लिया है। इससे पूर्व दोनों आरक्षकों को एसपी राजेश हिंगणकर ने लाईन अटैच कर जांच के आदेश दिए थे। जिसकी जांच एसडीओपी शिवसिंह भदौरिया ने की। जांच में यह मामला सिद्ध पाये जाने पर एसपी हिंगणकर ने दोनों आरक्षकों को निलंबित कर उनके विरूद्ध एफआईआर कायम करने का निर्देश दिया। जिसके तारतम्य में आरक्षक प्रशांत जादौन और ऋषभ करारे के विरूद्ध भादवि की धारा 382 के तहत एक्सटोर्सन (डरा धमकाकर पैसे वसूलना) का मामला दर्ज कर लिया। खास बात यह है कि इस मामले में उक्त घटना का वीडियो वायरल होने पर पुलिस अधीक्षक ने इसे संज्ञान में लिया था।
ज्ञात हो कि बीते दिनों यातायातकर्मी देवेंद्र धाकड़ शिवपुरी में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए आया था और वह अपने दो साथियों के साथ पुरानी शिवपुरी क्षेत्र में कपड़े खरीदने पहुंचा था जब वह तीनों कपड़े खरीदकर पुरानी शिवपुरी क्षेत्र में खड़े थे तभी देहात थाने में पदस्थ आरक्षक प्रशांत जादौन और ऋषभ करारे ने उन्हें पकड़ लिया और उन्हें थाने ले जाने लगे। जब आरक्षक ने दोनों को अपना परिचय पत्र दिखाकर पुलिस विभाग में होने की बात कही तो आरोपी आरक्षकों ने उसका आईकार्ड लेकर पर्स में रख लिया और मोबाइल छीन लिया। बाद में दोनों उसे थाने ले गए। जहां पहले दोनों आरोपी आरक्षक को वहां खड़े दो ट्रकों के पीछे ले गए और उसे धमकी दी कि वह 1 लाख रूपए दे नहीं तो उसे स्मैक के झूठे केस में फंसा देंगे। बाद में दोनों आरोपियों ने उससे 60 हजार रूपए छीन लिए। इसके बाद आरक्षकों ने उसे लॉकअप तक ले जाकर पट्टे से मारने का भी प्रयास किया। बाद में दोनों आरोपियों ने उसे छोड़ दिया। इसके बाद वह दिल्ली चला गया और वह वहां से लौटकर वह गुना डयूटी ज्वॉइन कर शिवपुरी आया और पहले उक्त घटना का वीडियो वायरल हुआ। तत्पश्चात शिकायतकर्ता ने एसपी हिंगणकर को शिकायत की। जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ने दोनों आरोपी आरक्षकों को लाईन अटैच कर जांच के आदेश दिए थे।






Be First to Comment