बदरवास। भारत में जब से लॉकडाउन हुआ है तब से इससे ज्यादा प्रभावित मजदूर वर्ग हुआ है। लॉकडाउन की वजह से सारे उद्योग धंधे बंद हो गए जिस कारण मजदूर पलायन कर अपने-अपने साधनों से घर वापस आ रहे हैं। कोई पैदल तो कई बाइक व ट्रकों के सहारे घर तक पहुंचने की जुगत में लगे हुए हैं। इनमें से कई मजदूर ऐसे हैं जिनका सफर घर पहुंचने सेे पहले ही खत्म हो गया और कई परिवारों को सहारा देने वाले इस दुनिया से चल बसे।
ऐसा ही एक हादसा 19 मई को रात के समय बदरवास के फोरलेेन पर हुआ। कामबंद होने की वजह से प्रमोद पुत्र रामचंद्र सक्सेना अपनी पत्नी व 6 साल की मासूम मुस्कान के साथ बाइक पर सवार होकर घरे सियाराम चिमा बिना ग्राम जिला हरदोई उप्र जा रहे थे। जैसेे ही वह बदरवास के पास सहराना फोरलेन पर पहुंचे तो पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक के चालक ने वाहन को तेजी व लापरवाही सेे चलाते हुए टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक पर सवार प्रमोद व उसकी पत्नी मीना एवं बच्ची मुस्कान नीचे गिर गए और गंभीर चोेटिल हो गए। इस घटना में प्रमोद की 6 वर्षीय बच्ची मुस्कान की मौत हो गई। बच्ची की मौत पर प्रमोद व उसकी पत्नी मीना का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया।




