
शिवपुरी। खेल एवं युवा कल्याण, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्रीमती सिंधिया ने जवाहर कॉलोनी पुरानी शिवपुरी में अमृत योजना के तहत 40 लाख 38 हजार रूपए की लागत से बनने वाले पार्क का भूमिपूजन किया। पोहरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री प्रहलाद भारती, कलेक्टर श्री तरूण राठी, पुलिस अधीक्षक श्री सुनील कुमार पाण्डे सहित जनप्रतिनिधि एवं नागरिकगण आदि उपस्थित थे।
श्रीमती सिंधिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य छोटे-छोटे पार्कों के माध्यम से पर्यावरण को संतुलित करना है। इसी दिशा में पार्क का भूमिपूजन किया गया है।
श्रीमती सिंधिया ने कहा कि हमें ऐसे प्रयास करनें है कि नगर के सभी वार्ड में आकर्षक एवं सुंदर पार्क बनें। उन्होंने कहा कि शिवपुरी नगर में लोक निर्माण एवं नगर पालिका के माध्यम से सड़को का सौंदर्यकरण एवं विस्तारीकरण का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के तहत पेवर्स सड़क के दोनों ओर नालियों का निर्माण आदि कार्य किया जा रहा है। इस दिशा में लोक निर्माण विभाग द्वारा 31 सड़कों में से 30 सड़कों का कार्य पूर्ण कर लिया है। नगरीय निकाय द्वारा निर्मित होने वाली 17 सड़कों के लिए भी राशि प्रदाय की गई है। उन्होंने कहा कि वार्डों में पार्कों के जीर्णोद्वार एवं सौंदर्यकरण के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर की पेयजल की समस्या को देखते हुए सिंध जलावर्धन योजना का पानी ग्वालियर वायपास तक पहुंच चुका है। अब शीघ्र ही घरों में पानी मिलना शुरू हो जाएगा। कार्यक्रम के शुरू में वार्ड पार्षद श्रीमती साइस्ता खांन ने स्वागत भाषण देते हुए पार्क के जीर्णोद्वार एवं सौंदर्यकरण पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन श्री गिरीश मिश्रा ने किया।






Be First to Comment