Press "Enter" to skip to content

20 मई तक चलने वाले नि:शुल्क महिला स्वास्थ्य शिविर कां महिलाओं को मिलेगा लाभ

शिवपुरी। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने 11 अप्रैल से प्रदेश के सभी गाँवों में नि:शुल्क महिला स्वास्थ्य शिविर आरंभ किये हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एम.एस.सागर द्वारा शिवपुरी विकासखण्ड के ग्रामीण क्षेत्र कांकर सहराना में शिविर आयोजित कर महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया और दवाए वितरित की गई। इस मौके पर नोडल ऑफिसर डॉ.एन.एस.चौहान, बीएमओ सतनवाड़ा डॉ.सुनील जैन, डॉ.सीमा कुशवाह सहित अन्य स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं महिलाएं उपस्थित थे। 20 मई 2018 तक चलने वाले इन ग्राम-स्तरीय स्वास्थ्य शिविर में किशोरी बालिकाओं, गर्भवती महिलाओं, वरिष्ठ आयु वर्ग की महिलाओं की नि:शुल्क चिकित्सकीय जाँच कर उनकी स्वास्थ्य समस्याओं को चिन्हित किया जायेगा। समस्या होने पर उपचार भी कराया जायेगा। इसके अलावा 23 से 31 मई तक प्रदेश के विकासखण्ड और जिला अस्पतालों में भी महिलाओं के लिये नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर होंगे।
महिला स्वास्थ्य शिविरों में किशोरी बालिकाओं (13 वर्ष से 19 वर्ष तक) की रक्त अल्पता तथा माहवारी से संबंधित समस्या की पहचान एवं उपचार, गर्भवती महिलाओं के लिये रक्त अल्पता, उच्च रक्तचाप, अन्य हाईरिस्क की पहचान एवं उपचार तथा इलेक्टिव सीजर के लिये चिन्हांकन, अन्य आयु वर्ग की महिलाओं के लिये उच्च रक्तचाप, डायबिटीज, स्तन कैंसर, सरवाईकल कैंसर, ओरल कैंसर, नि:संतानता, स्त्री रोग संबंधी अन्य समस्याओं की पहचान की जायेगी। समस्त आँगनवाड़ी केन्द्र तथा मिनी आँगनवाड़ी केन्द्र में पदस्थ कार्यकर्ता एवं सहायिका द्वारा जाँच एवं उपचार में सहयोग किया जायेगा। प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं में गृह भेंट के दौरान एनीमिया से बचावध्प्रबंधन के लिये कृमिनाशक की एक गोली तथा साप्ताहिक आयरन की गोली का वितरण भी होगा। 
अपने ग्राम में होने वाले महिला स्वास्थ्य शिविर में महिलाएँ चिकित्सक से निरंतर सिर दर्द की शिकायत होने, परिवार में रक्तचाप की शिकायत होने, बार-बार पेशाब जाने, प्यास ज्यादा लगने एवं अचानक वजन में कमी होने, थोड़ा-सा भी काम करने में थकान महसूस होने, हाथ-पैरों में दर्द होने, शादी के 3 साल बाद भी बच्चे न होने, माहवारी अधिक दिनों तक होने, स्तन में गठान की शिकायत होने, तंबाकू का सेवन करने वाले महिलाओं के मुँह में घाव या छाले होने, महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं में अनियमित माहवारी आदि होने पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का अवश्य फायदा उठायें।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!