शिवपुरी। शहर में साइबर ठगों द्वारा आए दिन फेसबुक आईडी हैक कर रुपए मांगे जाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को शहर के पुरानी शिवपुरी में रहने वाले एक शिक्षक के साथ भी ऐसा ही मामला घटित हुआ जब कोलारस के उत्कृष्ट विद्यालय में बायलॉजी के शिक्षक राकेश आचार्य की फेसबुक आईडी को एक साइबर ठग ने हैक कर लिया और उनके चचेरे भाई अनुभव भार्गव से 20 हजार रुपए की मांग की। दुबई में रहने वाले चचेरे भाई अनुभव ने तत्काल ही इसकी सूचना शिक्षक को दी और प्रियंका शर्मा के नाम से फेसबुक आईडी हैक करने की बात कही। गनीमत यह रही कि शिक्षक और उनके स्वजनों की सतर्कता से बड़ी ठगी की वारदात होने से बच गई। इस बीच उन्होंने सभी मित्रों व रिश्तेदारों को फेसबुक आईडी हैक होने की सूचना देते हुए ठग के जाल में न फसने की बात कही। फिलहाल इस संबंध में शिक्षक ेने थाने में शिकायत करने की बात कही है।




