
कांग्रेसी पार्षद होने के बाद भी नहीं हो रहा क्षेत्र का विकास
शिवपुरी। शासन द्वारा विकास कार्यों पर करोड़ों रुपए पानी की तरह बहाए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर सच्चाई यह है कि आज लोग पानी, सड़क, बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझते नजर आ रहे हैं। यह स्थिति किसी गाँव की नहीं, बल्कि नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 1 में बनी हुई है। वार्ड क्रमांक 1 में करीब आधा दर्जन क्षेत्र कठमई, नोहरी, बछौरा, रेलवे स्टेशन, ग्वालियर वायपास आदि आते हैं। खासबात यह है कि नगरपालिका में कांग्रेस के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष हैं, लेकिन इसके बावजूद भी कांग्रेसी पार्षद भावना पाल अपने वार्ड की समस्याओं को दूर नहीं कर पा रहे हैं।
प्राइवेट टेंकरों से पानी लेने को मजबूर
पार्षदपति राजकुमार पाल ने बताया कि नगरपालिका द्वारा वार्ड के लिए केवल एक टेंकर दिया है जो एक दिन में 6 चक्कर लगाता है जबकि वार्ड क्रमांक 1 सभी वार्डों से बड़ा है जिसमें करीब 10 हजार की जनसंख्या निवास करती है। इतने बड़े क्षेत्र में एक टेंकर से पानी की पूर्ति नहीं हो पाती जिसके कारण मजबूरी में लोगों को प्राइवेट टेंकरों से काम चलाना पड़ रहा है।
सड़क और स्ट्रीट लाइट की समस्या
ठकुरपुरा क्षेत्र में अभी तक सीवेज लाइन नहीं बिछाई गई है जिसके कारण सीसी सड़क भी नहीं बन सकी है जब तक सीवेज लाइन नहीं बिछेगी तब तक यही हालात बने रहेंगे जिससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा है। खासबात यह है कि इस ऊबड़-खाबड़ सड़क पर रात्रि के समय लोगों की परेशानियाँ और भी बढ़ जाती हैं क्योंकि खंबों पर स्ट्रीट लाइटें नहीं लगी हैं जिसके कारण अँधेरा पसरा रहता है। कॉलोनी वासियों की मानें तो कई लोग दुर्घटनाग्रस्त भी हो चुके हैं।
पार्षद की निष्क्रिता से बनी पानी की भीषण समस्या: अमरदीप शर्मा

इनका कहना है
हमारा क्षेत्र बड़ा है जिसमें एक टेंकर से पानी की पूर्ति नहीं हो पा रही है। नगरपालिका में सभी वार्डों के लिए समान सामान मिलता है और हमें 300 स्ट्रीट लाइटें मिली थी चूंकि हमारा क्षेत्र बड़ा होने के कारण इनसे पूर्ति नहीं हो सकी। इसके अलावा नगरपालिका द्वारा इस बार पानी की कोई भी गाइडलाइन तय नहीं की गई है और अधिकारी कोई सुनवाई नहीं करते हैं।
फैक्ट फाइल
कुल बोरों की संख्या-19
चालू हालत में-05 (थोड़ी बहुत पानी देने की स्थिति में)
जनसंख्या-10 हजार
वार्ड संचालित टेंकरों की संख्या-01






Be First to Comment