आधी रात्रि में 14 वर्षीय बालिका का अपहरण, बालिका का भाई भी ले गया था पूर्व में एक महिला को भगाकर

शिवपुरी। बदरवास थाना क्षेत्र के ग्राम खपरया में सोमवार-रविवार की रात्रि के मध्य में एक 14 वर्षीय बालिका अपनी माँ के साथ बाहर सो रही थी जैसे ही माँ की नीद खुली तो बालिका गायब मिली। परिजनों ने रात्रि में उसकी आसपास तलाश की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लगा। बताया जा रहा है कि जो बालिका अपहृत हुई है उसका भाई भी पूर्व में एक महिला को भगाकर ले गया था, इससे भी जोड़कर इस मामले को देखा जा रहा है। फरियादी की रिपोर्ट से पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है।

इनका कहना है

परसों रात की घटना है। परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी को कुछ लोग अपहरण करके ले गए हैं। मामले में विवेचना की जा रही है। इस परिवार में दो ढाई वर्ष पूर्व एक अपहरण एवं 302 का मामला पंजीबद्ध हुआ था। भीलों-भीलों का आपस का मामला था। जो लड़की गई है उसका भाई एक भील महिला को भगाकर ले गया था। लड़की के पिता की भी हत्या हुई थी इसको भी हम ध्यान में रख रहे हैं। मोबाइल ले जाने की भी जानकारी मिली है। सभी दृष्टिकोणों से जाँच की जा रही है इसके बाद भी किसी निष्कर्ष पर पहुंचेंगे। 
सुजीत सिंह भदौरिया, एसडीओपी कोलारस