Press "Enter" to skip to content

गारंटी पीरियड वाली सड़क के पेंचवर्क के नाम पर पीडब्ल्यूडी में 13 लाख का घपला

फर्जी भुगतान निकाल अफसरों और ठेकेदारों का सिंडिकेट शासन को लगा रहा है चूना करैरा विधायक ने की कलेक्टर से शिकायत

शिवपुरी। पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) में सड़कों के नाम पर बड़ा घपला चल रहा है। पीडब्ल्यूडी में स्थिति यह है कि पुरानी गारंटी पीरियड वाली सड़कों के पेचवर्क के नाम पर भी फर्जी भुगतान निकाल अफसरों और ठेकेदारों को सिंडिकेट शासन को चूना लगा रहा है। ऐसा ही एक मामला माड़ा से खतौरा-इंदार मार्ग का सामने आया है। इस सड़क को अभी दो साल पहले ही बनाया गया था लेकिन पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने इस मार्ग का कागजों में ही 19 लाख टेंडर निकाल 13 लाख रुपए से ज्यादा का बजट खर्च कर इसका पेचवर्क कर दिया। पेचवर्क का नाम पर किए गए इस फर्जीवाड़े में पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने गिट्टी व मिट्टी सप्लाई के नाम पर सप्लाई दिखाकर 13 लाख 42 हजार से ज्यादा का पेमेंट साई लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन नामक फर्म को 26 मार्च 2018 को कर दिया। अधिकारियों ने आनन-फानन में ठेकेदार को एमबी के पृष्ठ क्रमांक 135 से 145 तक सप्लाई पेचवर्क दिखाकर लाखों रुपए का भुगतान किया गया। बताया जाता है कि इस घपले में सारे काम कागज में ही हुए हैं और न गिट्टी सप्लाई और न मिट्टी, केवल बिल लेकर एमबी पर चढ़ाकर इसका भुगतान कर दिया। इस पूरे खेल में पीडब्ल्यूडी के ईई ओमहरि शर्मा से लेकर दूसरे अधिकारी घेरे में हैं। खास बात यह है कि जब कोई गारंटी पीरियड में सड़क होती है तो विभाग को संबंधित ठेकेदार से ही पेचवर्क कराना चाहिए था लेकिन फर्जी भुगतान के लिए सारे नियम ताक पर रख दिए गए। 

पीडब्ल्यूडी में एक रैकेट कर रहा है काम- 

– पीडब्ल्यूडी में भ्रष्टाचार का यह अकेला मामला नहीं है। इसके अलावा वीरवला माता से बेरजा सड़क पर कुछ साल पहले नई पुलिया बनाई गई है। लेकिन इसके भी पेचवर्क के नाम पर गारंटी पीरियड में 10 लाख का टेंडर निकाल फर्जी तौर पर भुगतान कर दिया गया। 
– 1 अप्रैल से दिसंबर 2017 के बीच सड़क, भवन मरम्मत, रंगाई, पुताई, हार्डवेयर रिपेयर, सेनेट्री रिपेयर, पुलिया रिपेयर, पेच रिपेयर के लिए गिट्टी कलेक्शन आदि के नाम पर 100 से ज्यादा टेंडर 8 से 10 करोड़ के निकाले गए लेकिन इस काम में जमीन पर काम हुआ नहीं और कुछ चिंहित ठेकेदारों को लाभ पहुंचकर पेमेंट कर दिया गया। इन टेंडरों की निष्पक्ष जांच हो तो ईई से लेकर दूसरे अधिकारी इसके घेरे में आएंगे। 

करैरा विधायक ने कलेक्टर को लिखा पत्र 

शिवपुरी के पीडब्ल्यूडी में चल रहे लगातार घपलों और फर्जी भुगतान के मामले सामने आने के बाद करैरा विधायक शकुंतला खटीक ने कलेक्टर को पत्र लिख इन मामलों की जांच की मांग की है। करैरा विधायक ने कलेक्टर से माड़ा से खतौरा-इंदार मार्ग के पेचवर्क के नाम पर निकाले गए फर्जी भुगतान की जांच के अलावा अप्रैल से दिसंबर 2017 के बीच निकाले गए टेंडर और इनके कार्यों की जांच की मांग किसी वरिष्ठ अधिकारी से कराने की मांग की है। 

क्या कहते हैं अधिकारी

माड़ा से खतौरा-इंदार मार्ग का पेचवर्क किया गया है क्योंकि इस मार्ग की हालत खराब थी। कोई फर्जी भुगतान नहीं किया गया। जो लोग आरोप लगा रहे हैं वह आरोप गलत हैं। हमने किसी भी टेंडर में कोई गलत काम नहीं किया। 

ओमहरि शर्मा
ईई, पीडब्ल्यूडी शिवपुरी 
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!