बांसवाड़ा

नशे में किराना व्यापारी ने पहले अपनी पत्नी से झगड़ा किया। इसके बाद गुस्से में आकर घर के पीछे बनी दुकान में खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली। कुछ ही देर में पूरी दुकान ने भीषण आग पकड़ ली। महज 10 मिनट में युवक दुकान के अंदर ही जलकर राख हो गया। मामला बांसवाड़ा के गांगड़तलाई कस्बे का है। घटना बुधवार सुबह साढ़े 11 बजे की है।

इसी दुकान में सुभाष महज 10 मिनट में जलकर राख हो गया। खुद को आग लगाने से पहले भी वह नशे में था।
पत्नी-बच्चे को घर से निकाल कर लगाई आग
सल्लोपाट थानाधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक सुभाष (37) पुत्र मुनिया आदिवासी की मौत हुई है। मामले को लेकर पूछताछ की तो परिजनों ने बताया- सुभाष शराब का आदी था और आए दिन नशे में घर आकर पत्नी से मारपीट करता था। बुधवार सुबह भी पत्नी से उसका झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद उसने अपनी पत्नी और 5 साल के बच्चे को घर से निकाल दिया। इसके बाद खुद दुकान पर गया और खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली।

आधे घंटे बाद जब आग खुद ही बुझ गई तब दुकान में सिर्फ सुभाष का जला हुआ कंकाल मिला। दुकान का पूरा सामान जल गया था।
10 मिनट में जल गया
सुभाष ने खुद को आग लगाई तो महज 5 मिनट में ही आग ने विकराल रूप ले लिया। दुकान में रखे कपड़ों और अन्य सामानों ने आग पकड़ ली। सुभाष की बॉडी पूरी जल गई। आग लगने के बाद जब दुकान से लपटें उठने लगी तब तक आस पास में किसी को ये मालूम नहीं था कि सुभाष अंदर है। पत्नी चिल्लाती हुई भागी तो पड़ोसियों को मालूम चला। आसपास के लोग भी वहां पहुंचे लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। आधे घंटे बाद जब आग बुझी तो अंदर सुभाष का जला हुआ कंकाल मिला।

इसी दुकान के पीछे सुभाष का घर भी है। पति-पत्नी का पीछे मकान में झगड़ा हुआ था, इसके बाद गुस्से में सुभाष दुकान पर गया और खुद को आग लगा ली।
मृतक आदतन शराबी था इसलिए दो पत्नी पहले ही छोड़ चुकी हैं
जानकारी के अनुसार मृतक कई सालों से शराब का सेवन करता था, यह उसकी तीसरी शादी थी। दो पत्नियां भी रोज रोज के झगड़ों के कारण उसे छोड़ कर जा चुकी हैं। पुलिस को मृतक की पत्नी और उसके पिता मुनिया ने भी यहीं रिपोर्ट दी है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है।
Be First to Comment