Press "Enter" to skip to content

“शिवपुरी-झांसी लिंक रोड निर्माण बंद, ग्रामीणों ने दी चक्का जाम की धमकी”


शिवपुरी, 10 दिसंबर 2024: शिवपुरी-झांसी लिंक रोड का निर्माण कार्य बीते दो वर्षों से धीमी गति से चल रहा था, लेकिन अब यह पूरी तरह बंद हो गया है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत कोटा की सरपंच श्रीमती अनुसुईया आदिवासी ने कलेक्टर शिवपुरी को ज्ञापन देकर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करवाने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बिछी गिट्टी और मिट्टी से लगातार धूल उड़ रही है, जिससे आस-पास के गांवों में प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। इस धूल के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सांस संबंधी बीमारियां, खांसी-जुकाम और बुखार की समस्या हो रही है। अधूरी सड़क और बेतरतीब गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे जन-जीवन प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या का असर उनकी फसलों पर भी पड़ रहा है। धूल और मिट्टी के कारण फसलें ढक जाती हैं और खराब हो रही हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 17 दिसंबर 2024 तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो 18 दिसंबर को शिवपुरी-झांसी लिंक रोड पर चक्का जाम कर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाकर उन्हें राहत प्रदान की जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!