
शिवपुरी। प्रदेश में फैल रही बर्ड फ्लू बीमारी अब शहर
में भी अपनी दस्तक दे रही है। बुधवार को कलेक्टर बंगले के पास स्थित नर्सरी
में बुधवार को सुबह दो कौवे मृत अवस्था में मिले थे। संदेह के आधार पर
सैंपलिंग के लिए भोपाल की लैब में भेजा गया है। इसकी रिपोर्ट गुरुवार को
प्राप्त होगी। बीमारी की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने जिले में अलर्ट
जारी कर दिया है।
पशु पालन विभाग के
उपसंचालक डॉ. एमसी तमोरी ने बताया कि बर्ड फ्लू की बीमारी एवियन
इन्फ्लूएंजा वायरस की वजह से होती है। वर्तमान में मप्र के इंदौर एवं
मंदसौर जिले में बर्डफ्लू का उदभेद एच5 एन8 स्ट्रेन से हुआ है। यह जुनोटिक
वायरल बीमारी है जो संक्रमित पक्षियों एवं संक्रमित वातावरण एवं वस्तुओं से
इंसानों में फैलता है। यह इंफेक्शन मुर्गी, टर्की, गीस, मोर और बतख एवं
प्रवासी पक्षियों में तेजी से फैलता है। इन्फ्लूएंजा वायरस से पक्षियों की
मौत भी हो सकती है। बर्ड फ्लू का वायरस मुख्यतः मनुष्य के श्वसन तंत्र को
डैमेज करता है। हालांकि अभी शहर में इसे लेकर किसी तरह का प्रतिबंध नहीं
लगाया गया है। गुरुवार को आने वाली रिपोर्ट के आधार पर आगे का प्लान तैयार
किया जाएगा।
बचने के लिए ये सावधानियां बरतें
पोल्ट्री
मीट एवं अंडे का सेवन अच्छी तरह पकाने के बाद करें। संक्रमित पक्षियों के
संपर्क में आने से बचें। पोल्ट्री उत्पाद खरीदते समय साफ-सफाई का विशेष
ध्यान रखें। संक्रमण से बचने के लिए हाथों को लगातार धोएं और सेनेटाइज करते
रहें। जिस इलाके में संक्रमण है कोशिश करें कि वहां न जाएं या मास्क पहनकर
ही जाएं। पोल्ट्री दूकानदार पोल्ट्री की हैंडलिंग करते समय मास्क, ग्लव्स
आदि पहनना सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की जानकारी या सूचना के लिए अपनी
निकटतम पशु चिकित्सा संस्था पर संपर्क करें।




