Press "Enter" to skip to content

कोचिंग संचालको को एसपी राजेश सिंह चंदेल ने दिए निर्देश | Shivpuri News

पुलिस अधीक्षक शिवपुरी द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम में ली कोचिंग संचालकों की बैठक
शिवपुरी। शहर में संचालित शैक्षणिक कोचिंग क्लासों के आस-पास यातायात प्रभावित न हो, इसके साथ ही कोचिंग क्लास के आस-पास का माहौल बेहतर बना रहे, यह जवाबदारी कोचिंग संचालकों की है। पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्री राजेश सिंह चंदेल ने आज दिनांक 05.12.2019 को पुलिस कंट्रोल रूम में कोचिंग संचालकों की बैठक लेकर उक्त निर्देश दिए हैं। 
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी ने कोचिंग संचालकों से कहा है कि जिन भवनों में कोचिंग संचालित की जा रही हैं, वह सुरक्षित हैं कि नहीं, यह सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही कोचिंग क्लास के पास पर्याप्त वाहन पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित हो। फायर सेफ्टी के साथ ही सभी कोचिंग संस्थाएं अपने यहाँ सीसीटीव्ही कैमरों के माध्यम से मॉनीटरिंग कराएं। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि कोचिंग क्लास के आस-पास कोई भी अवांछनीय तत्व एवं भीड़-भाड़ एकत्र नहीं होने दें, कोचिंग संचालक स्वयं भी अपने आस-पास के माहौल की मॉनीटरिंग करें और किसी आपातकलीन स्थिति में पुलिस को भी इसकी सूचना दें। पुलिस अधीक्षक शिवपुरी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि कोचिंग में आने वाले सभी छात्र-छात्राओं का सम्पूर्ण डाटा कोचिंग संचालकों के पास होना चाहिए। साथ ही छात्र-छात्राओं के कम से कम दो स्थानीय अविभावकों के कोन्टेक्ट नंबर जरूर रखें। कोचिंग में आने वाले बच्चे अगर लंबे समय से अनुपस्थित हैं तो उसकी सूचना अभिभावकों के पास भी पहुँचें, लम्बे समय तक अनुपस्थित रहने वाले छात्र-छात्राओं के अभिभावकों से कोचिंग संचालक स्वयं चर्चा कर उनकी अनुपस्थिति के संबंध में जानकारी लें एवं संदेह की स्थिति होने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में जानकारी दें, कोचिंग में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को कोचिंग संचालक अनिवार्यतः परिचय पत्र भी प्रदान करें एवं मार्च 2020 तक प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक कोचिंग का संचालन करें।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी ने कोचिंग संचालकों से कहा कि कोचिंग क्लासों में देश का भविष्य तैयार हो रहा है। देश का भविष्य गलत दिशा में न जाए, इसकी जवाबदारी भी कोचिंग संचालकों की है। पुलिस प्रशासन छात्र-छात्राओं की सुरक्षा हेतु सदैव तत्पर है। किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर कोचिंग संचालक पुलिस को सूचित करे। पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई की जायेगी। यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने में कोचिंग संचालक भी अपनी सकारात्मक भूमिका का निर्वहन करें। 
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्री राजेश सिंह चंदेल , एसडीओपी शिवपुरी श्री शिवसिंह भदौरिया, परि. डीएसपी श्री बिन्दुसार सिंह भदौरिया एवं रक्षित निरी. भरत सिंह यादव, थाना प्रभारी कोतवाली निरी. बादाम सिंह यादव, थाना प्रभारी फिजिकल निरी. सुनील खेमरिया, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी उनि. दीप्ति तोमर, सूबेदार गायत्री इटोरिया एवं शहर के लगभग सभी कोचिंग संचालक उपस्थित रहे।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!