शिवपुरी। कोतवाली क्षेत्र के सिंहनिवास में तालाब के पास स्थित हनुमान मंदिर में बीती रात्रि कोई अज्ञात चोर घुस गया जिसने हनुमान जी की प्रतिमा पर लगे चांदी के छत्र को चोरी कर लिया। जिसकी जानकारी घटना के दूसरे दिन पुजारी को लगी तो उसने वहां मौजूद भक्तों को चोरी की जानकारी दी। जिस पर वहां भक्त एकत्रित हो गए और मौके पर पुलिस को बुला लिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और वहां छानबीन की, लेकिन चोर का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने इस मामले में नकबजनी का प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सिंहनिवास हनुमान मंदिर की ऋषिकेश पुत्र प्रहलाद शर्मा पूजा करते हैं। विगत रात्रि श्री शर्मा प्रतिदिन की तरह मंदिर की शयन आरती करने के पश्चात् मंदिर के पट लगाकर घर चले गए थे, लेकिन कल सुबह जब वह मंदिर खोलने पहुंचे तो वहां मंदिर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ पड़ा था और मंदिर में स्थपित हनुमान जी की प्रतिमा पर लगा चांदी का छत्र गायब था। तुरंत ही श्री शर्मा समझ गए कि मंदिर में चोरी हुई है और उन्होंने तुरंत ही भक्तों को बुलाकर चोरी की जानकारी दी। सूूचना पाकर भक्तों के साथ पुलिस भी मौके पर आ गई और पुलिस ने वहां छानबीन शुरू की।





Be First to Comment